रुपईडीह (गोंडा)। पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ डिवीजन के मंडल प्रबंधक आदित्य कुमार ने शुक्रवार को गोंडा से बहराइच रेलखंड का निरीक्षण किया। इस दौरान कई खामियां मिलीं। वहीं, डीआरएम से गोंडा-लखनऊ के बीच पैसेंजर व मेमू ट्रेन चलाने और बहराइच-वाराणसी इंटरसिटी ट्रेन के ठहराव की मांग की गई। निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने बनगाई समेत अन्य स्टेशनों पर गंदगी व अतिक्रमण देखकर कड़ी नाराजगी जताई। साथ ही स्टेशन अधीक्षक समेत जिम्मदारों को दोबारा गड़बड़ी मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
मंडल रेल प्रबंधक आदित्य कुमार शुक्रवार सुबह अधिकारियों के साथ स्पेशल ट्रेन से गोंडा रेलवे स्टेशन पहुंचे। इस दौरान पूर्वोत्तर रेलवे के क्षेत्रीय परामर्शदात्री समिति के सदस्य पंकज कुमार श्रीवास्तव ने गोंडा से लखनऊ के बीच पैसेंजर व मेमू ट्रेन चलाने की मांग की। इसके बाद डीआरएम गंगाधाम होते हुए करीब 10:31 बजे बनगाई रेलवे स्टेशन पहुंचे। करीब एक घंटा तीन मिनट तक प्लेटफार्म, कार्यालय, उपकरण कक्ष व रेलवे परिसर का बारीकी से निरीक्षण किया। रेलवे परिसर में निर्माण व स्टेशन की मुख्य सड़क पर व्यापारियों व दुकानदारों के अतिक्रमण करने को लेकर डीआरएम ने स्टेशन अधीक्षक अक्षय कुमार कंठ से कड़ी नाराजगी जताई। रेलवे स्टेशन एवं परिसर में गंदगी मिलने पर भी चेतावनी दी। स्टेशन अधीक्षक अक्षय कुमार कंठ व टीआई को कड़ी फटकार लगाते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान गोंडा स्टेशन अधीक्षक अनिल कुमार व क्षेत्रीय प्रबंधक मनीष कुमार समेत सभी शाखाओं के अधिकारी मौजूद रहे।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों व व्यापारियों ने बहराइच-वाराणसी इंटरसिटी का ठहराव बनगाई रेलवे स्टेशन पर करने के लिए डीआरएम को संयुक्त रूप से ज्ञापन दिया। इसमें प्रधान संघ के ब्लॉक अध्यक्ष विवेक शुक्ल, भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष त्रिभुवन मिश्र, वरिष्ठ कांग्रेस नेता इरशाद हुसैन, निराली मिश्रा, अंकित शुक्ल, आशीष शुक्ल, मुन्ना दुबे, राजू वर्मा, निक्कू मौर्य, रामनाथ मौर्य,धर्मपाल गुप्ता, सोनू शुक्ला, दीप शुक्ल, बच्चा तिवारी, वीरेंद्र तिवारी ,लल्लू खां, प्रिंस केडिया, मुनीजर दुबे आदि मौजूद रहे।