नवाबगंज (गोंडा)। अयोध्या-गोरखपुर हाईवे स्थित रायल हेरिटेज होटल में मंगलवार को आयोजित इंवेस्टर्स समिट में निवेशकों ने 3100 करोड़ के निवेश पर सहमति दी। इस अवसर पर विधायक प्रतीक भूषण सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार निवेशकों को हर स्तर की सुविधा मुहैय्या करा रही है। अब जिले में भी बड़ी संख्या में लोग उद्योग लगाने को उत्सुक हैं।
मुख्य विकास अधिकारी गौरव कुमार ने नई औद्योगिक नीति का लाभ अधिक से अधिक दिलाने का आश्वासन दिया। इस मौके पर समिट में 31 निवेशकों ने प्रतिभाग किया, जबकि 45 के प्रस्ताव आए हैं। समिट के दौरान विवांता टाटा समूह ने नवाबगंज में ताज होटल बनाने का प्रस्ताव दिया है। यह पहली बार ऐसा हुआ है कि तय लक्ष्य से कई गुना प्रस्ताव मिले हैं।
शासन से जिले के लिए 300 करोड़ रुपये का लक्ष्य तय था, लेकिन जिले में 3100 करोड़ रुपये का निवेश करने का उद्यमियों की तरफ से प्रस्ताव दिया गया। दो बड़ी कंपनियों ने बड़े निवेश का प्रस्ताव रखा है। जिसमें विवांता टाटा समूह ने 200 करोड़ से नवाबगंज क्षेत्र में ताज होटल बनाने का प्रस्ताव तथा जिंजर अयोध्या ने दो सौ करोड़ निवेश करने का प्रस्ताव दिया है।
45 कंपनियों ने निवेश का दिया प्रस्ताव
भारत मेज फाउंडेशन 10 करोड़, हिंदुस्तान इंडस्ट्री चार करोड़, गोंडा दाल एण्ड सीरियल एसोसिएशन 8 करोड़, मातृभूमि ग्रामोद्योग आर्गेनिक फाउंडेशन 10 करोड़, अर्थष्ट फामर्स प्रोडूसर 15 करोड़, कृषि सेवा केंद्र 20 करोड़, दीप ट्रेडर्स आठ करोड़, कपूर इंफ्रास्ट्रक्चर दो करोड़, पोखरमल रंगलाल पांच करोड़, स्टील फॅब्रीकेटर्स तीन करोड़ समेत 45 कंपनियों ने निवेश का प्रस्ताव दिया है।
विधायक प्रतीक भूषण सिंह ने भी भरोसा दिया कि उद्यमियों को जिले में उद्योग लगाने के लिए जमीन की समस्याएं नहीं होगी। उन्होंने कहा कि सरयू नदी के किनारे तुरकौली गांव से लेकर करनैलगंज तक जमीन आसानी से कम दामों में उपलब्ध हो जाएगी। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष दीपक अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश में पहले इंवेस्टर्स काम करने से घबराता था, लेकिन अब बाहर से लोग आकर निवेश करने के इच्छुक हैं। जिले में उद्योग लगाने वाले उद्यमियों को प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया।
जिले में निवेश के लिए अपार संभावनाएं
अयोध्या से सटे होने से जिले में उद्यमियों के निवेश की असीम संभावनाएं हैं। अयोध्या से सबसे निकट उद्योग के लिए भूमि जिले में ही उपलब्ध हो सकती है। इसके अलावा पूर्वांचल व मध्य क्षेत्रों तक यातायात की व्यवस्था भी बेहतर है। गोंडा में माल गोदाम का अलग से स्टेशन होना है और नवाबगंज के कटरा शिवदयालगंज रेलवे स्टेशन पर भी सभी तरह की रेलवे सुविधा है। इससे निवेशकों में उत्साह भी है। संयुक्त आयुक्त उद्योग एचपी सिंह सहित कई उद्यमियों ने जिले में निवेश लाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
उन्होंने कहा कि शासन के सुझाव पर अमल करते हुए उद्योगों को बढ़ावा दिया जाए। बैठक में उद्यमियों से कृषि क्षेत्र में भी उद्योग लगाने का सुझाव दिया गया। जिससे किसानों की आय दोगुनी हो सके। उद्योग को बढ़ावा देने के लिए देवीपाटन मंडल में एक इंडस्ट्रियल एरिया घोषित करने की मांग की गई। बैठक में इंडियन बैंक के एजीएम हेमंत मिश्रा, सहायक आयुक्त संदीप कुमार, जिला उद्योग भारती कंपनी से राम प्रकाश गुप्ता, डीआरडीए के परियोजना निदेशक चंद्रशेखर आदि रहे।