नवाबगंज (गोंडा)। नवाबगंज-मनकापुर मार्ग पर शुगर मिल के पास रविवार रात स्काॅर्पियो की चपेट में आने से मोटर मैकेनिक चंदन पांडेय (20) की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक स्काॅर्पियो समेत भाग गया।
नगर की शुगर मिल काॅलोनी निवासी चंदन पांडेय (20) रविवार रात साढ़े नौ बजे खाना खाने के बाद कॉलोनी के पास ही नवाबगंज-मनकापुर मार्ग पर टहल रहे थे। तभी मनकापुर की तरफ से आ रही तेज रफ्तार स्काॅर्पियो की टक्कर लगने से चंदन गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों ने चंदन को सीएचसी पहुंचाया, जहां डाॅक्टर ने मृत घोषित कर दिया। प्रभारी निरीक्षक निर्भय नारायण सिंह ने बताया कि हादसा करने वाले स्काॅर्पियो चालक का पता लगाया जा रहा है।
पिता और बाबा की भी हादसे में हो चुकी है मौत
चंदन तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। उनके पिता राजकुमार पांडेय की वर्ष 2014 में टेंपो पलटने से दबकर मौत हो गई थी। बाबा अयोध्या प्रसाद पांडेय की वर्ष 1988 में शुगर मिल में हुए अग्निकांड में जान चली गई थी। बेटे की मौत से मां सुनीता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।