वजीरगंज के शीतला देवी इंटर कॉलेज में आयोजित 71वीं एथलेटिक्स प्रतियोगिता में विजयी टीम। स्रोत:
डुमरियाडीह। शीतला देवी इंटर कॉलेज हथिनाग में आयोजित 71वीं जनपदीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता एवं सांस्कृतिक समारोह का शुक्रवार को समापन हुआ। एमडीबीएस इंटर कॉलेज बेलसर की टीम 196 अंक हासिल कर ओवरऑल चैंपियन बनी। नगर पालिका इंटर काॅलेज नवाबगंज ने 182 अंक पाकर दूसरा व सुभाष इंटर काॅलेज उमरी ने 136 अंक हासिल कर तीसरा स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम में एएसपी मनोज कुमार रावत व डीआईओएस डॉ. रामचंद्र ने प्रतिभागी बच्चों को पुरस्कृत किया। बालक वर्ग में गांधी विद्यालय इंटर काॅलेज ने 82 अंक के साथ पहला स्थान हासिल किया। बालिका वर्ग में नगर पालिका इंटर काॅलेज नवाबगंज 182 अंक के साथ चैंपियन बना। व्यक्तिगत प्रतिस्पर्धाओं में बालिका वर्ग के अंडर 17 में भारतीय इंटर काॅलेज कटरा बाजार की छात्रा काजल व बादल शीर्ष पर रहे। अंडर 19 में सुभाष इंटर काॅलेज उमरी की सीमा ने बाजी मारी।
बालक वर्ग के अंडर 14 में यूपीएस कुरसहा के दीपक, अंडर 17 में डीएवी इंटर काॅलेज नवाबगंज के अकलेश और सीनियर वर्ग में गांधी इंटर काॅलेज नवाबगंज के दीपक यादव विजयी रहे। सांस्कृतिक कार्यक्रम में एमडीबीएस बेलसर प्रथम व शीतला देवी इंटर काॅलेज हथिनाग द्वितीय स्थान पर रहे।
माध्यमिक शिक्षक संघ के मंडलीय अध्यक्ष अजीत सिंह, जिलाध्यक्ष राधामोहन पांडेय, जिलामंत्री बृजेंद्र प्रताप सिंह, धर्मवीर सिंह, सहदेव सिंह, शिवेंद्र प्रताप सिंह, राममूर्ति गुप्ता, शांतनु विक्रम सिंह, अतुल सिंह, पुष्कर वर्मा, सुधाकर मिश्र आदि मौजूद रहे।