गोंडा। जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने मंगलवार को मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर हाल में अगले दस दिनों के भीतर स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग में प्रसव सेवाएं शुरू कराएं, ताकि जिले की महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मेडिकल कॉलेज की प्रधानाचार्य डॉ. बीना सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतलाल पटेल तथा जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. अनिल तिवारी के साथ अस्पताल की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने प्रसूति सेवाएं शुरू करने के लिए अब तक किए गए इंतजाम, चिकित्सकीय स्टाफ की उपलब्धता और आवश्यक संसाधनों की जानकारी ली।
डीएम ने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था पर विशेष जोर देते हुए नियमित निगरानी के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान चिकित्साधीक्षक डॉ. एमडब्ल्यू खान, डॉ. अनिल वर्मा, डॉ. दीक्षा द्विवेदी, डॉ. सुवर्णा कुमार, अनिल कुमार सहित अन्य अधिकारी और चिकित्सक मौजूद रहे।