गोंडा के पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पुलिस टीम के साथ सुनील हत्याकांड का आरोपी संतोष चौबे।
- फोटो : GONDA
गोंडा। थाना तरबगंज क्षेत्र के सिंगहाभोज गांव के रहने वाले पुष्पेन्द्र पांडेय उर्फ सुुनील की हत्या उसके मामा ने जमीन विवाद को लेकर की थी। इसके बाद वह गुजरात भाग गया था। वहां से लौटने पर पुलिस ने आरोपी मामा को गिरफ्तार कर उसके पास से हत्या में प्रयुक्त चाकू व मोबाइल फोन बरामद किया है।
थाना तरबगंज क्षेत्र के सिंगहाभोज गांव के रहने वाले पुष्पेन्द्र पांडेय उर्फ सुनील 18 अक्तूबर को अपनी मां पुष्पा देवी का इलाज कराने बाइक से संग लेकर सिंगहा चौराहे पर एक निजी चिकित्सक के यहां गया था। मां को चिकित्सक के यहां छोड़कर वह ई-टिकट की बुकिंग कराने के लिए कहकर निकला था। तभी उसकी सिंगहाचंदा मार्ग पर चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई थी। मामले में पुष्पेन्द्र की मां पुष्पा देवी ने थाना तरबगंज में अपने भाई संतोष चौबे पर बेटे की हत्या का आरोपी लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी। हत्या के बाद आरोपी गुजरात भाग गया था। तभी से पुलिस आरोपी संतोष की तलाश कर रही थी।
अपर पुलिस अधीक्षक महेंद्र कुमार ने बताया कि संतोष चौबे निवासी कटहा का बचपन में ही परिवार के लोगों ने बहिष्कार कर दिया था। तभी से उसकी मदद बुआ मीना करती थी। एएसपी के मुताबिक मीना का उसकी सगी बहन पुष्पा देवी निवासी सिंगहाभोज से जमीन का विवाद चल रहा था। इसको लेकर मीना और पुष्पा के घर वालों से पहले मारपीट भी हो चुकी थी। जिसका मुकदमा भी चल रहा है।
एएसपी ने बताया कि संतोष सूरत में रहता था और 17 अक्तूबर को सूरत से घर आया था। पुष्पेंद्र की हत्या करने के लिए उसने रोडवेज बस स्टेशन के पास एक चाकू व हाकी खरीदा और इसके बाद संतोष ने पुष्पा से वीडियो कॉलिंग करके पूरी जानकारी ली। एएसपी ने बताया कि संतोष ने 18 अक्तूबर को पुष्पेन्द्र को सिंगहा चौराहे पर बुलाया और सुनसान स्थान पर बहाने से ले जाकर उसके सिर पर हॉकी से कई वार किए। जिसमें हॉकी टूट गई। जब पुष्पेन्द्र गिर गया तो उसकी चाकू से मारकर हत्या कर दी।
हत्या के बाद पुष्पेंद्र का मोबाइल फोन और उसकी बाइक लेकर फरार हो गया। बाइक रास्ते में संत कबीर तिराहे के पास खड़ी करके मोबाइल फोन को फेंक दिया और भाग निकला। एएसपी ने बताया कि पुलिस टीम ने अभियुक्त संतोष चौबे को पकड़ी गभौरा मार्ग पर धनौली गांव के पास से गिरफ्तार किया है। बताया कि संतोष की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू व मोबाइल फोन बरामद हुआ है। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक तरबगंज इन्द्रजीत यादव, उपनिरीक्षक युगुल किशोर चंद्र, हेड कांस्टेबल देवमणि यादव, कांस्टेबल दीपक सिंह, कांस्टेबल कमलेश यादव, कांस्टेबल राजू सिंह, कांस्टेबल आदित्य पाल शामिल रहे।