-गोंडा में परसपुर के चरसड़ी के खरिकवा में रोते-बिलखते परमजीत निषाद के परिजन। - संवाद
परसपुर। ग्राम चरसड़ी के खरिकवा निवासी राजमिस्त्री परमजीत निषाद के तालाब में डूबने की आशंका के बाद शुक्रवार को पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों ने घंटों तलाश की, लेकिन देर शाम तक उनका कोई सुराग नहीं मिला। मोटरबोट से तालाब के अलग-अलग हिस्सों को खंगाला गया। वहीं जलकुंभी तलाशी अभियान में बाधा बनी रही। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर अभियान का जायजा लिया और तलाश तेज करने के निर्देश दिए।
परमजीत के पिता धनीराम के मुताबिक बृहस्पतिवार रात करीब साढ़े नौ बजे तालाब के उस पार से करीब चार बार अम्मा बचाओ की आवाज सुनाई दी। वह टॉर्च लेकर तालाब की ओर पहुंचे। परिवार के अन्य सदस्य भी वहां पहुंच गए, लेकिन अंधेरा होने के कारण कुछ दिखाई नहीं दिया। धनीराम ने तालाब में उतरकर बेटे की तलाश की। सफलता नहीं मिलने पर डायल 112 पर सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस और ग्रामीण रात से ही तालाब व आसपास के क्षेत्र में खोजबीन करते रहे।
शुक्रवार सुबह थानाध्यक्ष कृष्ण गोपाल राय और शाहपुर चौकी प्रभारी निशा निषाद पुलिस के साथ पहुंचे। सीओ आनंद राय और अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी राधेश्याम राय ने भी मौके पर पहुंचकर तलाशी अभियान का जायजा लिया। एसडीआरएफ की टीम मोटरबोट लेकर तालाब में उतरी। स्थानीय गोताखोरों ने भी तालाब में तलाश की।
शॉर्टकट के रास्ते से घर लौटने की बात
एएसपी पश्चिमी राधेश्याम राय ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार परमजीत शॉर्टकट रास्ते से घर जा रहा था। इसी दौरान वह तालाब में डूब गए हैं। एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की मदद से उसकी तलाश कराई जा रही है।
परिजनों ने जताई अनहोनी की आशंका
परमजीत के लापता होने से मां माया, पिता धनीराम समेत अन्य परिजन परेशान हैं। उसकी बुआ मंजू ने भूमि विवाद को लेकर गांव के एक व्यक्ति पर अनहोनी की आशंका जताई है। हालांकि पुलिस ने अभी किसी तरह के निष्कर्ष की पुष्टि नहीं की है। थानाध्यक्ष कृष्ण गोपाल राय ने बताया कि तालाब में लगातार तलाश की जा रही है। अभी युवक का पता नहीं चला है।