इटियाथोक। निबिहा परसपुर भयापुरवा गांव निवासी विवाहिता जान्हवी (25) की गला दबाकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि दहेज में दस लाख रुपये की मांग पूरी न होने पर ससुराल वालों ने हत्या कर शव को पंखे के हुक से लटका दिया।
नगर कोतवाली के पंतनगर फोरबिसगंज निवासी डीआईओएस कार्यालय में कार्यरत दुर्गेश नंदन श्रीवास्तव ने बताया कि 2022 में बेटी की शादी इटियाथोक के निबिहा परसपुर भयापुरवा निवासी बृजेश के साथ की थी। शादी के एक साल तक सब कुछ ठीक ठाक रहा। इसके बाद से ही ससुराल वाले दहेज की मांग के लिए बेटी को प्रताड़ित करने लगे।
दहेज की मांग पूरी न होने पर मंगलवार रात ससुराल वालों ने बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को कमरे में पंखे के हुक से टांग दिया। थानाध्यक्ष कृष्ण गोपाल राय ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले में पति बृजेश श्रीवास्तव, सास कांति, ननद पम्मी, ससुर उमेश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।