खरगूपुर। विशुनापुर बेलभरिया गांव में शनिवार सुबह एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके वालों ने ससुराल वालों पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। सूचना पर पुलिस व फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की।
गांव निवासी मन्नू तिवारी की पत्नी पम्मी तिवारी (27) का शव शनिवार सुबह घर के कमरे में मिला। पड़ोसियों की सूचना पर जब मायके वाले पहुंचे तो ससुराल पक्ष के लोग भाग गए थे। आईपीएस/क्षेत्राधिकारी प्रदीप कुमार मौके पर पहुंचे और परिजनों व ग्रामीणों से जानकारी ली। फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य संकलित किए।
मृतका के पिता महेश कुमार शुक्ल निवासी ग्राम बउआ बसंतपुर थाना हुजूरपुर बहराइच ने बताया कि उन्होंने बेटी पम्मी की शादी वर्ष 2018 में मन्नू तिवारी के साथ की थी। कुछ समय तक सब ठीक रहा, लेकिन बाद में ससुराल वाले पम्मी को प्रताड़ित करने लगे। मन्नू रोजी-रोटी के लिए मुंबई में रहता था। एक माह पूर्व वह मुंबई से लौटा और उनके घर आकर पम्मी के व्यवहार को लेकर नाराजगी जताते हुए जान से मारने की धमकी दी थी। पिता का आरोप है कि ससुराल वालों ने मिलकर पम्मी की गला दबाकर हत्या की है।
प्रभारी निरीक्षक शेषमणि पांडेय ने बताया कि पम्मी के पिता महेश कुमार शुक्ल ने तहरीर दी है। उन्होंने दहेज में पांच लाख रुपये की मांग को लेकर पम्मी को प्रताड़ित करने व हत्या का आरोप लगाया है।शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट व साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।