गोंडा जिले में खरगूपुर में नरहरिया गांव के मजरे कल्लू पुरवा में दहेज में बुलेट नहीं मिली तो ससुराल वालों ने गुरुवार की रात विवाहिता को जलाकर मार डाला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना खरगूपुर क्षेत्र के भटपुरवा के मजरे केसयी पुरवा के रहने वाले रजीउद्दीन ने थाने में दी गई तहरीर में कहा कि उसने अपनी बेटी शबनम (20) की शादी दो साल पहले थाना खरगूपुर क्षेत्र के नरहरिया गांव के मजरे कल्लू पुरवा के रहने वाले वसीम के साथ की थी।
शादी के कुछ दिनों बाद ही ससुराल वाले दहेज में बुलेट की मांग करने लगे। इसके लिए ससुराल वाले शबनम को प्रताड़ित किया करते थे। जब मांग पूरी नहीं हुई तो ससुराल वालों ने गुरुवार की रात शबनम को जलाकर मार डाला। गांव वालों से मिली सूचना के बाद जब वह बेटी के ससुराल पहुंचा तो शबनम का शव जमीन पर पड़ा मिला। रजीउद्दीन की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष कुबेर तिवारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट दर्ज करायी जा रही है।