गोंडा। जिले के विकास कार्यों की नोडल अधिकारी व महानिरीक्षक निबंधन कंचन वर्मा ने विकास भवन सभागार में समीक्षा की। अधिकारियों से विकास कार्यों की प्रगति के संबंध में जानकारी की। इस दौरान निर्माणाधीन राजकीय मेडिकल कॉलेज का निर्माण जल्द पूरा कराने पर जोर दिया। स्वास्थ्य विभाग के सीएचसी, पीएचसी व अन्य अस्पतालों में आने वाले मरीजों को दी जाने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी किया। उन्होंने कहा कि अधिकारी विकास कार्यों में तेजी लाएं।
जिले में स्थापित गोशाला, बेसिक शिक्षा विभाग के विद्यालयों में कराए जा रहे कायाकल्प, ड्रेस वितरण, बच्चों के किताब वितरण, रजिस्ट्रेशन तथा विद्यालय की बाउंड्रीवाल, माध्यमिक शिक्षा विभाग में टैबलेट/ स्मार्ट फोन वितरण की समीक्षा की। बाल विकास पुष्टाहार विभाग की समीक्षा के दौरान हो रहे आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण व केंद्रों पर विभाग द्वारा दी जाने वाली सुविधाओं के संबंध में जानकारी की।
राशन वितरण व राशन कार्ड के बारे में जानकारी की। पंचायत भवन निर्माण, पंचायत सहायक की तैनाती व गांवों में परिवार रजिस्टर नकल दिए जाने की सुविधा के संबंध में जानकारी किया। शहरों की साफ-सफाई की व्यवस्था के साथ ही नालों की सफाई पर जोर दिया। सफाई कर्मियों व अन्य संविदा कर्मियों के मानदेय व नगर पालिका/ नगरपंचायत की समीक्षा की। कानून व्यवस्था समीक्षा के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने जनपद में कानून व्यवस्था के लिए की जा रही कार्रवाईयों के बारे में बताया।
महिला उत्पीड़न से संबंधित एफआईआर व कई अन्य बिंदुओं के बारे में जानकारी दी। बैठक के दौरान प्रधानमंत्री आवास, मुख्यमंत्री आवास के लक्ष्य के संबंध में समीक्षा कर प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए। जल निगम विभाग की समीक्षा के दौरान पाइप लाइन, पानी टंकी के निर्माण की क्वालिटी के संबंध में जानकारी की। नोडल अधिकारी ने अटल आवासीय विद्यालय सिसवा मनकापुर सहित कई अन्य विभाग की योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस मौके पर जिलाधिकारी डॉ. उज्जवल कुमार, मुख्य विकास अधिकारी गौरव कुमार, एडीएम सुरेश कुमार सोनी, एएसपी शिवराज, सीएमओ डॉ. रश्मि वर्मा, मुख्य राजस्व अधिकारी जयनाथ यादव, नगर मजिस्ट्रेट अर्पित गुप्ता, डीएफओ आरके त्रिपाठी, डीडीओ दिनकर विद्यार्थी, डीआईओएस राकेश कुमार, बीएसए अखिलेश प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे। (संवाद)