गोंडा। सौभाग्य और अक्षय फल के पर्व अक्षय तृतीया को लेकर शहर के बाजार पूरी तरह सज गए हैं। रविवार को पड़ने वाले इस पर्व से पहले ही सराफा बाजार में ग्राहकों की भीड़ उमड़ पड़ी है। महिलाएं खासतौर पर इस दिन खरीदारी को शुभ मानते हुए आभूषण, बर्तन और अन्य सामग्री की खरीद में जुटी हैं।
शनिवार सुबह से ही सराफा बाजार में रौनक देखने को मिली। दुकानों पर ग्राहकों की लंबी कतारें लगी रहीं। ज्वेलर्स के अनुसार इस बार सोने-चांदी की कीमतों में बढ़ोतरी के बावजूद खरीदारी को लेकर लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ है, हालांकि महंगाई के चलते ग्राहकों की पसंद में बदलाव जरूर देखने को मिला है।
सराफा व्यवसायी संतोष सोनी ने बताया कि सोने के दाम लगातार बढ़ने से ग्राहक अब हल्के वजन के आभूषणों की ओर अधिक आकर्षित हो रहे हैं। 22 कैरेट के अलावा 20, 18, 14 और 9 कैरेट के गहनों की मांग बढ़ी है। इसके साथ ही डिजिटल गोल्ड और लैब-ग्रोन डायमंड भी ग्राहकों की पसंद में शामिल हो रहे हैं।
व्यवसायी रवि सोनी ने बताया कि अक्षय तृतीया के लिए पहले से ही विशेष तैयारी की गई थी। इस बार हल्के और आकर्षक डिजाइन वाले आभूषणों का अधिक स्टॉक रखा गया है। कंगन, अंगूठी, मंगलसूत्र, नथ सहित पारंपरिक गहनों की खरीदारी जोरों पर है।
सराफा एसोसिएशन के नगर अध्यक्ष आनंद स्वरूप भारद्वाज के अनुसार वर्तमान में सोने की कीमत करीब 1.56 लाख रुपये प्रति दस ग्राम और चांदी 2.61 लाख रुपये प्रति किलो के आसपास है। महंगाई का असर जरूर पड़ा है, लेकिन पर्व के चलते बाजार में अच्छी बिक्री की उम्मीद बनी हुई है।
ऑफर्स भी खींच रहे ग्राहकों को
अक्षय तृतीया के मौके पर ज्वेलरी शोरूम ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए विशेष ऑफर्स भी दे रहे हैं। कई प्रतिष्ठानों पर गोल्ड की खरीद पर प्रति ग्राम छूट, मेकिंग चार्ज में 20 प्रतिशत तक की राहत और डायमंड ज्वेलरी पर 30 प्रतिशत तक का डिस्काउंट दिया जा रहा है।
धार्मिक मान्यता से बढ़ा उत्साह
मान्यता है कि अक्षय तृतीया के दिन किया गया दान और खरीदारी अक्षय फल देती है। इसी विश्वास के चलते लोग इस दिन सोना-चांदी, बर्तन और अन्य वस्तुएं खरीदते हैं। महिलाएं नए परिधान और आभूषण खरीदने की तैयारी कर रही हैं।