गोंडा। खरमास 15 अप्रैल को समाप्त हो जाएगा। इसके बाद फिर से बैंडबाजा बरात का दौर शुरू हो जाएगा। हर तरफ शहनाई की गूंज सुनाई देगी। करीब दो महीने तक सहालग चलेगी। सहालग की शुरुआत से पहले ही बाजार सजकर तैयार हो चुके हैं। यही नहीं जिन घरों में मांगलिक आयोजन होने हैं उन लोगों ने भी खरीदारी शुरू कर दी है। बाजार में कपड़ों की सर्वाधिक बिक्री हो रही है।
सहालग का दौर 15 मार्च से खरमास लगने के कारण रुक गया था, लेकिन यह अब समाप्त हो रहा है। इसे देखते हुए दुकानदारों ने पहले से ही पूरी तैयारी कर ली है। कपड़ों की दुकानों पर सर्वाधिक भीड़ दिख रही है। मुख्यालय के रेडीमेड थोक विक्रेता मोनू गुप्ता ने बताया कि मौसम को देखते हुए गर्मी की ट्रेडिशनल रेंज मंगाई जा चुकी है। लहंगे में परतदार डिजाइन, लेजर-कट फूल, उभरे हुए डिजाइन बारीक कारीगरी वाले लहंगों का चलन अधिक है। यह तीन हजार से 15 हजार की रेंज में उपलब्ध हैं।
भारी-भरकम रेशम की जगह ऑर्गेंजा, शिफॉन और जॉर्जेट जैसे हल्के और हवादार कपड़ों को लोग ज्यादा पसंद कर रहे हैं। हल्के कपड़े ट्रेडिशनल व अलग लुक के कारण अधिक पसंद किए जा रहे हैं। खरमास की समाप्ति के बाद कारोबार और बढ़ेगा क्योंकि खरमास में कुछ नया खरीदने से लोग परहेज करते हैं। पं. राम सुरेश मिश्र ने बताया कि 15 अप्रैल को खरमास समाप्त हो जाएगा। 14 अप्रैल सूर्य मेष राशि में प्रवेश कर जाएंगे। इसी तिथि से लग्न मुहूर्त शुरू हो जाएंगे। 19 अप्रैल को अक्षय तृतीया का पर्व मनाया जाएगा।