गाेंडा। आगामी लोकसभा चुनाव को देखते हुए जिले की सीमाओं पर सतर्कता बढ़ाई जाए। संवेदनशील व अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों को चिह्नित करें।
यह निर्देश एडीजी जोन गोरखपुर डॉ. केएस प्रताप कुमार ने शनिवार की रात पुलिस लाइन सभागार में अफसरों संग बैठक में दिए।
एडीजी ने मंडल के लोकसभा क्षेत्रों व गोंडा की अन्य जिलों से लगने वाली सीमाओं के बारे में जानकारी हासिल की। डीआईजी और एसपी को निर्देश दिए कि संवेदनशील व अतिसंवेदनशील मतदान केंद्र चिह्नित कर यहां पुलिसकर्मी भ्रमण कर लोगों से संवाद करें।
थाना प्रभारियों को अवैध कच्ची शराब का निष्कर्षण, परिवहन एवं बिक्री पर रोक लगाने व दोषियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई का निर्देश दिया।
मुकदमों में नामित अपराधियों, आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों व असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई करने को कहा। इसके अलावा हिस्ट्रीशीटर, वांछित व इनामी अपराधियों की निगरानी व गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
एडीजी ने लंबित विवेचनाओं का निस्तारण, थाने में आने वाले आगंतुकों, फरियादियों से सहानुभूति व सम्मानपूर्वक व्यवहार करने तथा उनकी शिकायतों को सुनकर जल्द निस्तारण करने के निर्देश दिए।
महिला संबंधी अपराधों व पॉक्सो एक्ट के मामलों में त्वरित व सशक्त कार्रवाई करने को कहा। वाहन चोरी, नकबजनी की घटनाओं पर अंकुश लगाने, बैंक, ग्राहक सेवा केंद्र, पेट्रोल पंप व अन्य वित्तीय संस्थानों की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगवाने व सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश दिए। डीआईजी अमरेंद्र प्रसाद सिंह, एसपी विनीत जायसवाल, एएसपी पूर्वी मनोज कुमार रावत व पश्चिमी राधेश्याम राय मौजूद रहे।