गोंडा। जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी पर काबिज होने के लिए भाजपा ने कवायद तेज कर दी है। अध्यक्ष पद पर चुनाव जीतने के लिए डीडीसी सदस्यों का जरूरी बहुमत जुटाने को निर्दलीय चुनाव जीते कई और नवनिर्वाचित जिला पंचायत सदस्यों को पार्टी में शामिल कराया गया है।
पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की सहमति के बाद भाजपा जिला अध्यक्ष सूर्य नारायण तिवारी ने छपिया द्वितीय से नवनिर्वाचित जिला पंचायत सदस्य बृजेश प्रताप नारायण सिंह, छपिया चतुर्थ से अंकिता सिंह, बभनजोत प्रथम से कृष्णावती, मनकापुर तृतीय से विजय शर्मा, मनकापुर पंचम से राम तीरथ भारती व पंडरी कृपाल द्वितीय से अंकिता को गोंडा सांसद कीर्ति वर्धन सिंह व गौरा विधायक प्रभात वर्मा की मौजूदगी में भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण करायी।
इस मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष ने कहा कि मोदी जी की कार्यशैली व भारतीय जनता पार्टी की रीतियों व नीतियों से प्रभावित होकर ही सभी ने अपने समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल होने का फैसला स्वेच्छा से किया है।
जिला मीडिया प्रभारी विष्णु प्रताप शुक्ला ने बताया कि इन डीडीसी सदस्यों के पार्टी के साथ आ जाने से वर्तमान में 65 सदस्यीय जिला पंचायत में 29 जिला पंचायत सदस्य भारतीय जनता पार्टी के हो गए हैं। इससे आगामी जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव में भाजपा अपनी दावेदारी पूरी मजबूती के साथ पेश करेगी।
क्षेत्रीय अध्यक्ष अवध क्षेत्र शेष नारायण मिश्र, सांसद कैसरगंज बृजभूषण शरण सिंह, कैबिनेट मंत्री रमापति शास्त्री, विधायक बावन सिंह, प्रेम नारायण पांडे, प्रतीक भूषण सिंह, कुंवर अजय प्रताप सिंह, विनय कुमार द्विवेदी ने नवनिर्वाचित डीडीसी सदस्यों को पार्टी की सदस्यता लेने पर शुभकामनाएं दी।