गोंडा। जिले में पंचायत चुनाव की सूची में पंजीकृत डुप्लीकेट वोटरों के सत्यापन व फीडिंग में मनकापुर तहसील अव्वल है। करनैलगंज तहसील में सत्यापन व फीडिंग की स्थिति सबसे खराब है। इसके साथ ही जिले में अब तक 4.12 लाख मतदाताओं का सत्यापन हो चुका है। इनमें से 83 हजार डुप्लीकेट नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं।
गोंडा सदर, मनकापुर, तरबगंज और करनैलगंज तहसील में कुल मिलाकर 10.04 लाख डुप्लीकेट मतदाता चिह्नित किए गए थे। इनकी जांच के लिए घर-घर बीएलओ के माध्यम से आधार कार्ड के अंतिम चार अंक लिए जा रहे हैं। इसके साथ ही तहसील स्तर पर फीडिंग की प्रक्रिया चल रही है। चारों तहसीलों को मिलाकर 4.12 लाख मतदाताओं के सत्यापन व फीडिंग में 83,745 मतदाता डुप्लीकेट पाए गए हैं। इन नामों को मतदाता सूची से हटा दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि ये मतदाता स्थानांतरित, मृत और डुप्लीकेट पाए गए हैं। ये निष्पक्ष चुनाव की प्रक्रिया को प्रभावित कर सकते थे।
मनकापुर तहसील में सबसे अधिक 1.41 लाख, सदर में 1.13 लाख, तरबगंज में 80 हजार और करनैलगंज में 76 हजार मतदाताओं की फीडिंग की गई है। यह हाल तब है जब जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन के स्तर से नोटिस जारी किया जा चुका है। एडीएम आलोक कुमार ने बताया कि सभी को जरूरी दिशा-निर्देश दिए जा चुके हैं। किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।