गोंडा। भाजपा कार्यालय के सीसीटीवी फुटेज के वीडियो वायरल होने के मामले में छपिया थाने में आईटी एक्ट के तहत दर्ज कराए गए मुकदमे की जांच अब मनकापुर इंस्पेक्टर करेंगे। सीओ मनकापुर उदित नारायण पालीवाल ने बताया कि आईटी एक्ट के मुकदमों की विवेचना इंस्पेक्टर स्तर से नीचे के अधिकारी कोई नहीं कर सकते। चूंकि छपिया व खोड़ारे के एसओ सब इंस्पेक्टर रैंक के हैं। ऐसे में यह विवेचना मनकापुर इंस्पेक्टर को सौंपी गई है।
सोशल मीडिया पर भाजपा जिला कार्यालय के वीडियो वायरल होने के बाद से सियासी हलचल तेज है। जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप व वीडियो में दिख रही महिला ने सामने आकर सफाई दी। अमर किशोर ने कहा, महिला को चक्कर आने पर सहारा दिया था। महिला ने भी यही बात कही थी। हालांकि इस मामले में भाजपा के प्रदेश नेतृत्व ने जिलाध्यक्ष को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
तीसरे दिन भी इस मामले को लेकर सियासी हलचल रही। सोशल मीडिया पर आरोप-प्रत्यारोप का दौर चलता रहा। हर कोई अपने-अपने अंदाज से इसकी व्याख्या करता नजर आया। कोई पक्ष में तो कोई विपक्ष में दलील पेश करता दिखा। भाजपा की एक महिला नेत्री ने सोशल मीडिया पर लिखा है कि यह सब एक साजिश का हिस्सा है। इसके माध्यम से बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है।