गोंडा। चोरी, लूट और नकबजनी करने वाले संगठित गिरोह के सक्रिय सदस्य और 50 हजार रुपये के इनामी गैंगस्टर नौशाद उर्फ मुन्ना को एसटीएफ ने मध्य प्रदेश के जबलपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी गोंडा के इमामबाड़ा मोहल्ला गरीब नवाज का रहने वाला है। श्रावस्ती के भिनगा कोतवाली में गैंगस्टर एक्ट के तहत दर्ज मामले में वह वांछित था।
एसटीएफ के मुताबिक, प्रयागराज फील्ड इकाई की टीम को सूचना मिली थी कि नौशाद जबलपुर के हनुमानताल थाना स्थित कसाई मंडी चौराहे के पास कब्रिस्तान के सामने मौजूद है। इस पर टीम ने घेराबंदी कर 12 नवंबर को सुबह करीब 11:30 बजे उसे गिरफ्तार कर लिया। टीम का नेतृत्व निरीक्षक जयप्रकाश राय कर रहे थे।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह द्ददन लोनिया के गिरोह का सक्रिय सदस्य है। गिरोह के सदस्य उत्तर प्रदेश के गोंडा, बदायूं समेत अन्य जिलों और महाराष्ट्र, तेलंगाना व मध्य प्रदेश में किराये पर कमरे लेकर रहते थे। जूते-चप्पल बेचने की आड़ में खाली पड़े मकानों की रेकी करते थे। इसके बाद चोरी, लूट और नकबजनी की घटनाओं को अंजाम देते थे।
चोरी में मिले सोने-चांदी के सामान को बेचकर रकम आपस में बांट लेते थे। एसटीएफ के अनुसार, गिरोह का सरगना द्ददन लोनिया और सदस्य दौलत अली वर्ष 2025 में श्रावस्ती से जेल जा चुके हैं, जबकि नौशाद की तलाश थी। भिनगा कोतवाली में 30 अप्रैलको उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज किया गया था। गिरफ्तारी के लिए उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।