होमगार्ड के जवानों ने वसूली के विरोध में कंपनी कमांडरों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। जवानों ने गुरुवार को मंडलीय कमांडेंट से मिलकर जिला कमांडेंट के नाम पर कंपनी कमांडरों द्वारा पांच से सात सौ रुपये तक वसूली करने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है।
झंझरी, पंडरी कृपाल, वजीरगंज व नगर द्वितीय कंपनी के होमगार्ड देवप्रकाश तिवारी, योगेंद्र सिंह, सत्यनारायण पांडेय आदि ने गुरुवार को मंडलीय कमांडेंट कृष्णहरि मिश्र को प्रार्थनापत्र देकर कंपनी कमांडरों पर जिला कमांडेंट के नाम पर पांच से सात सौ रुपये वसूली ट्रैफिक ड्यूटी लगाने के नाम पर करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
इस दौरान मनोज चौबे, सुरेंद्र सिंह, कृष्ण कुमार तिवारी, सुरेंद्र प्रसाद पांडेय, बच्चाराम मिश्र, त्रिवेनी प्रसाद पांडेय आदि होमगार्ड मौजूद रहे।
इस बारे में होमगार्ड्स के जिला कमांडेंट डीडी मौर्या का कहना है कि यदि कोई कंपनी कमांडर उनके नाम पर वसूली कर रहा है तो जवानों को उनसे शिकायत करनी चाहिए। डीडी मौर्या का कहना है कि शिकायत मिलने पर छानबीन कराकर कार्रवाई की जाएगी।
मंडलीय कमांडेंट होमगार्ड्स कृष्णहरि मिश्र ने शासन से जवानों के ड्यूटी भत्ते में 75 रुपये की बढ़ोत्तरी होने पर जवानों को बधाई दी। उन्होंने होमगार्ड जवानों को कमांडेंट जनरल का हेल्प लाइन नंबर 0522-2450251 जारी करते हुए इस पर वसूली की शिकायत दर्ज कराने की अपील की है।