जिला प्रशासन की टीम ने गुरुवार की शाम गोंडा-उतरौला मार्ग पर सोनवरसा गांव के पास नकली डीजल बनाने की फैक्ट्री पकड़ी। टीम को छापेमारी में मौके पर 18 ड्रम में भरे हुए करोसिन व नकली डीजल, बड़ी मात्रा में नकली डीजल बनाने के केमिकल्स व उपकरण मिले हैं। मौके से ही 23 खाली ड्रम बरामद हुए हैं।
इस दौरान नकली डीजल बनाने के आरोपी दो सगे भाई मौके से भाग निकले। टीम ने फैक्ट्री को सीज कर बरामद माल को जब्त कर लिया है। टीम ने नकली डीजल बनाने की फैक्ट्री संचालकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के लिए डीएम को रिपोर्ट भेजी है।
जिलाधिकारी आशुतोष निरंजन व एसडीएम सदर अविनाश कुमार को किसी व्यक्ति ने खुफिया जानकारी दी थी कि कोतवाली देहात क्षेत्र के गाेंडा उतरौला मार्ग पर ग्राम सोनवरसा में बड़े पैमाने पर नकली डीजल बनाया जा रहा है।
डीएम ने एसडीएम से मामले में कार्रवाई कराने का निर्देश दिया। एसडीएम सदर अविनाश कुमार ने डीएसओ व क्षेत्रीय पूर्ति निरीक्षक के अलावा इलाकाई पुलिस टीम को नकली डीजल बनाने वाली फैक्ट्री में छापेमारी कर कार्रवाई करने के लिए टीम गठित की।
टीम ने गुरुवार की शाम सोनवरसा गांव के गिरजा गुप्ता व शंकर गुप्ता भाइयों के घर/कारखाने पर छापा मारा तो मौके से नकली डीजल बनाने वाले लोग भाग निकले। टीम को मौके पर 200 लीटर वाले 18 ड्रम में भरा केरोसिन व नकली डीजल मिला। 3600 लीटर मिट्टी तेल की बाजार में कीमत करीब 60 हजार रुपये से अधिक की बतायी जा रही है।
टीम ने तेल के नमूने लिये हैं। टीम अभी इस बात का फर्क नहीं कर सकी है कि कितना केरोसिन व कितने ड्रम में नकली डीजल रखा है। इसके अलावा मौके पर 23 खाली ड्रम मिले हैं। इससे माना जा रहा है कि केरोसिन को नकली डीजल में तब्दील कर खाली ड्रमों में भरा जाना था।
इसके अलावा मौके पर नकली डीजल बनाने का केमिकल मिला है। टीम ने उसके नमूने लिए हैं। इस बाबत क्षेत्रीय पूर्ति निरीक्षक प्रवीन कुमार ने बताया कि तेल व केमिकल के नमूने जांच के लिए भेजे जाएंगे।
नकली डीजल बनाने का फैक्ट्री पकड़े जाने की रिपोर्ट प्रशासन को सौंपी जाएगी। गांव के गिरजा गुप्ता व शंकर गुप्ता के भवन में फैक्ट्री चल रही थी, दोनों फरार हैं। डीएम के आदेश पर केस दर्ज कराया जाएगा।
छापेमारी टीम ने नकली डीजल बनाने के कारखाने को सीज कर दिया है। साथ ही मौके पर जो भी केमिकल्स व उपकरण मिले हैं, टीम ने उसे जब्त कर अपने कब्जे में ले लिया है।
आईएएस एसडीएम सदर गोंडा अविनाश कुमार ने कहा कि डीएम व मुझे सूचना मिली थी कि गोंडा-उतरौला मार्ग पर सोनवरसा गांव के पास केरोसिन से नकली डीजल बनाने की एक फैक्ट्री चल रही है।
इस पर कार्रवाई क रने के लिए डीएसओ व क्षेत्रीय पूर्ति निरीक्षक के अलावा पुलिस टीम को छापेमारी करने के लिए भेजा गया था। टीम को छापेमारी में केरोसिन व नकली डीजल, केमिकल्स व उपकरण मिले हैं। कारखाने को सीज करने के साथ संचालकों पर एफआईआर दर्ज कराई जा रही है।
छापेमारी टीम ने जब्त किया सामान
* 18 ड्रम में भरा केरोसिन व मिलावटी डीजल।
* 23 खाली ड्रम।
* बड़ी मात्रा में केमिकल्स पाउडर।
* बोतल में लिक्विड पाउडर।