करनैलगंज में कृषि महाविद्यालय का निरीक्षण करते आचार्य नरेंद्रदेव कृषि विश्वविद्यालय कुमारगंज
करनैलगंज। आचार्य नरेंद्र देव कृषि विश्वविद्यालय कुमारगंज के कुलपति डॉ. बिजेंद्र सिंह ने रविवार को सकरौरा स्थित कृषि महाविद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने छात्रों की पठन-पाठन व्यवस्था, आवास, खेलकूद और अन्य सुविधाओं का जायजा लिया तथा आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। महाविद्यालय पहुंचने पर छात्रों ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर कुलपति का सम्मान किया। अधिष्ठाता डॉ. भानु प्रताप सिंह के नेतृत्व में प्राध्यापकों और छात्रों ने गुलाब का पुष्प भेंट कर उनका अभिवादन किया।
कुलपति ने छात्रावास, खेल मैदान और अतिथि गृह का निरीक्षण किया। बिजली व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए परिसर में शीघ्र सोलर प्लांट लगवाने के निर्देश दिए। उन्होंने चंदन का पौध रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। छात्रों से संवाद करते हुए कुलपति ने कहा कि महाविद्यालय को गुरुकुल की तरह बनाए रखें। नियमित साफ-सफाई, व्यायाम और सकारात्मक सोच के साथ अध्ययन करें। उन्होंने अलग-अलग जिलों के छात्रों को साथ बैठने की सलाह दी, ताकि आपसी सीख बढ़े।
कुलपति ने सड़क, पुलिस चौकी, चिकित्सक, एंबुलेंस और बस सुविधा शीघ्र उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। इस मौके पर डॉ. शिवजी सिंह, डॉ. संजीव यादव, डॉ. उत्कर्ष सिंह सहित अन्य मौजूद रहे।