जिला निर्वाचन अधिकारी व डीएम प्रीति शुक्ला ने शुक्रवार को बलरामपुर के मंडी समिति भगवतीगंज में आयोजित मतगणना कार्मिकों के प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले में शांतिपूर्ण ढंग से पंचायत चुनाव कराने के बाद अब प्रशासन के समक्ष निष्पक्षता से मतगणना कराने की चुनौती है।
शांतिपूर्ण व निष्पक्ष ढंग से मतगणना कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह से तैयार है। मतगणना के दौरान अशांति फैलाने वाले अराजक तत्वों के खिलाफ तत्काल कठोर कार्रवाई की जाएगी।
मंडी समिति भगवतीगंज में तीन पालियों में 3265 कार्मिकों को काउंटिंग के संबंध में विधिवत जानकारी दी गई है। प्रथम पाली में ही मतगणना कार्य पूरा कराने की चुनौती को कार्मिकों के समक्ष डीएम ने रखा।
डीएम ने कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश पर आगामी 13 दिसम्बर को सुबह सात बजे से मतगणना कार्य शुरू हो जाएगा।
सभी ब्लॉकों पर मतगणना कार्मिक सुबह 6:30 पर हर हाल में केंद्र पर पहुंच जाएं। लापरवाही बरतने वाले मतगणना कार्मिकों के खिलाफ डीएम ने कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है।
प्रभारी अधिकारी मतगणना कार्मिक व सीडीओ अखंड प्रताप सिंह ने बताया कि शुक्रवार को तीन पालियों में 3265 मतगणना कार्मिकों को तीन पालियों में प्रशिक्षण दिया गया है।
हर टेबुल पर एक-एक पर्यवेक्षक के साथ-साथ तीन-तीन गणना सहायक व एक-एक अतिरिक्त गणना सहायक तैनात किए गए हैं। आकस्मिक कार्य के लिए 10 प्रतिशत कार्मिक रिजर्व में रखे गए हैं। रिजर्व 240 कार्मिकों को भी मतगणना से संबंधित प्रशिक्षण दिया गया है।
न्याय पंचायतवार लगेंगी टेबुलें
ब्लॉक का नाम-टेबुल की संख्या-न्याय पंचायतों की संख्या
गैसड़ी-50-13
पचपेड़वा-47-12
तुलसीपुर-57-12
हरैया सतघरवा-58-14
बलरामपुर-69-17
श्रीदत्तगंज-28-10
उतरौला-32-08
गैड़ास बुजुर्ग-31-06
रेहरा बाजार-39-10
इन केंद्रों पर होगी मतगणना
ब्लॉक का नाम-निर्धारित मतगणना केंद्र
गैसड़ी-किसान राजकीय इंटर कॉलेज सिंहमोहानी गैसड़ी
पचपेड़वा-फजल-ए-रहमानिया इंटर कॉलेज पचपेड़वा
तुलसीपुर-कृषि उत्पादन मंडी समिति तुलसीपुर
हरैया सतघरवा-रामलाल मोहनलाल इंटर कॉलेज शिवपुरा
बलरामपुर-कृषि उत्पादन मंडी समिति भगवतीगंज बलरामपुर
श्रीदत्तगंज-चौधरी लालता प्रसाद सिंह बौद्ध महाविद्यालय श्रीदत्तगंज
उतरौला-मोहम्मद युसुफ उस्मानिया इंटर कॉलेज उतरौला
गैड़ास बुजुर्ग-रामतीरथ चौधरी इंटर कालेज इमिलिया बनघुसरा उतरौला
रेहरा बाजार-वीपीएस इंटर कॉलेज रेहरा बाजार
डीएम ने बताया कि मतगणना स्थलों पर भीड़ नहीं जुटने दिया जाएगा। बिना पास के किसी को प्रवेश नहीं मिलेगा। इसके लिए सभी निर्वाचन अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश जारी कर दिया गया है। एसपी डॉ. उमेश चंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि मतगणना केंद्रों पर पैरामिलेट्री फोर्स के साथ-साथ पर्याप्त मात्रा में सशस्त्र सुरक्षा बलों की भी तैनाती की गई है।