गोंडा। यातायात नियमों के उल्लंघन पर वाहन का चालान करना ही जरूरी नहीं होता। वाहन चालक को रोककर पहले जागरूक करने का प्रयास करें, यदि बहुत आवश्यक हो तभी वाहन का चालान करें। बृहस्पतिवार को परिवहन आयुक्त बीएन सिंह ने वर्चुअल कॉन्फ्रेंस के जरिए परिवहन विभाग के अधिकारियों को जागरूकता पर जोर देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा, गैर जरूरी चालान करने से विभाग की छवि धूमिल हो रही है, जिसको सुधारना जरूरी है। आयुक्त ने कहा, नो हेलमेट नो फ्यूल का निर्देश सोशल मीडिया के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास करें। सभी पेट्रोल पंप व सार्वजनिक स्थानों पर बिना हेलमेट के फ्यूल न मिलने का पोस्टर चस्पा कराएं जाएं। सड़क सुरक्षा के नियमों का व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जाए। इस दौरान आरटीओ प्रशासन उमाशंकर यादव, आरसी भारतीय, आरटीओ प्रवर्तन आरके सरोज, पीटीओ शैलेंद्र तिवारी आदि मौजूद रहे। (संवाद)