गोंडा। वाहन की मरम्मत का खर्च खुद उठाने की बात कहने से नाराज युवक ने आठ-दस साथियों के साथ महिंद्रा एजेंसी के सीईओ के केबिन में घुसकर मारपीट की। आरोप है कि युवक ने सीईओ का गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया।
महाराजगंज जिले के समोली गांव निवासी अविनाश पाल ने बताया कि वह अमित मोटर्स प्राइवेट लिमिटेड पोर्टरगंज लखनऊ रोड में सीईओ हैं। बताया कि 21 अगस्त की शाम प्रतीक सिंह वाहन लेकर एजेंसी आए थे। उन्होंने वाहन में आवाज आने की शिकायत की। जांच के बाद उन्हें बताया गया कि वाहन वारंटी में नहीं है और मरम्मत का खर्च उन्हें ही उठाना होगा। इस बात से नाराज प्रतीक सिंह देख लेने की धमकी देते हुए चले गए। शनिवार को अविनाश अपने केबिन में बैठे थे। तभी प्रतीक सिंह आठ-दस लोगों के साथ वहां पहुंचे और गालीगलौज करते हुए लात-मुक्कों से जमकर पीटा। प्रतीक सिंह ने जान से मारने की नीयत से उनका गला दबा दिया। एजेंसी के कर्मचारी और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी भाग निकले। नगर कोतवाल विंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि प्रतीक सिंह और उसके आठ-दस अज्ञात साथियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।