तरबगंज तहसील में जनसमस्याएं सुनतीं डीएम नेहा शर्मा, साथ में एसपी विनीत जायसवाल व अन्य। स्रोत: स
तरबगंज (गोंडा)। तहसील मुख्यालय पर सोमवार को संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम नेहा शर्मा के समक्ष बेलसर के बरसड़ा निवासी दिव्यांग रामलोचन पेश हुए। कहा, मैडम चार साल से ब्लॉक, तहसील व जिला मुख्यालय का चक्कर काट रहे हैं। अभी तक दिव्यांग प्रमाणपत्र नहीं बन सका। न ही कोई सहायता मिल रही है। इस पर डीएम ने सीएमओ को मामले में कार्रवाई का निर्देश दिया।
अशोकपुर टिकिया वजीरगंज निवासी मीना सिंह फरियाद सुनाते हुए रो पड़ीं। कहा, किडनी व न्यूरो की समस्या से ग्रस्त पति से कुछ लोगों ने जबरन संपूर्ण भूमि का बैनामा करा लिया व उस पर कब्जा भी कर लिया है। वह मायके से ही थाने व तहसील के चक्कर काट रही हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। किशुनदासपुर निवासी अधिवक्ता विकास मिश्र ने जमीन के बैनामे को लेकर शिकायत की।
गेड़सर निवासी प्रवेश कुमार मिश्र सहित करीब एक दर्जन लोगों ने चकमार्ग पर अवैध कब्जा होने व कंटीला तार लगाकर आवागमन बाधित किए जाने की शिकायत दर्ज कराई। खजुरी निवासी अतुल कुमार ने बताया कि सामुदायिक शौचालय का निर्माण पूरा नहीं किया गया है। रांगी निवासी सुनील पांडेय ने कहा कि ग्रामसभा की भूमि को बिना किसी पट्टा व अभिलेख के खतौनी में फर्जी अंकन कर दिया गया। समाधान दिवस में कुल 78 शिकायतें आईं। इसमें से 10 मौके पर निस्तारण किया गया। इस मौके पर एसपी विनीत जायसवाल, सीएमओ डॉ. रश्मि वर्मा, एसडीएम विशाल कुमार, सीओ उमेश्वर प्रभात सिंह सहित अन्य अधिकारी रहे।
एसपी ने थाने की देखी व्यवस्था
संपूर्ण समाधान दिवस के बाद एसपी विनीत जायसवाल ने तरबगंज थाने का औचक निरीक्षण किया। परिसर की साफ-सफाई, फाइलों के रखरखाव सहित अन्य बिंदुओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने लंबित विवेचनाओं को शीघ्र निपटाने व वांछितों की शीघ्र गिरफ्तारी को लेकर निर्देश दिया।
43 में से तीन शिकायतों का हुआ निस्तारण
करनैलगंज (गोंडा)। करनैलगंज तहसील में मुख्य राजस्व अधिकारी महेश प्रसाद की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान कुल 43 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से तीन का मौके पर ही निस्तारण किया गया। ग्राम पंचायत दूदा (दूदी) निवासी सचिन कुमार सिंह ने पंचायत भवन को लेकर शिकायत दर्ज कराई। इस मौके पर न्यायिक उप जिलाधिकारी नेहा मिश्रा, पुलिस क्षेत्राधिकारी सौरभ वर्मा, तहसीलदार मनीष कुमार सहित तहसील स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।