यूपी बोर्ड 2016 की 10वीं व 12वीं के कापियों का मूल्यांकन कराने के लिए माध्यमिक शिक्षा महकमा ने शिक्षकों का ब्यौरा प्रधानाचार्यों से तलब किया है। माध्यमिक स्कूलों के प्रधानाचार्यों को परिषद की वेबसाइट पर शिक्षकों का डाटा अपलोड कराने का फरमान डीआईओएस ने जारी किया है। स्कूलों के प्रधानाचार्यों को 31 दिसंबर तक हर हाल में डाटा अपलोड कराना अनिवार्य होगा।
डीआईओएस मनमोहन शर्मा ने जिले के हाई स्कूल स्तर के 13 राजकीय, चार इंटर स्तर के राजकीय, 19 अशासकीय व 67 वित्तविहीन स्कूलों के प्रधानाचार्यों को वर्ष 2016 हाई स्कूल व इंटमीडिएट की परीक्षा में मूल्यांकन कार्य में शिक्षकों का डाटा अपलोड कराने का निर्देश दिया है। डीआईओएस ने सभी प्रधानाचार्यों को अर्ह अध्यापकों का विवरण ही अपलोड कराने का निर्देश दिया है।
अध्यापकों के अध्यापन विषय का कोड, नियुक्ति तिथि, अनुभव वर्ष, स्नातक व परास्नातक विषयों का विवरण प्रधानाचार्यों को देना अनिवार्य होगा। सभी प्रधानाचार्यों को डीआईओएस ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि परिषद की वेबसाइट पर शिक्षेणतर कर्मियों, क्लर्क, चपरासी, लाइब्रेरियन, गेम्स टीचर व सफाई कर्मियों का नाम अपलोड नहीं कराया जाएगा।
ऐसे कर्मियों के अपलोड डाटा को सभी प्रधानाचार्य तत्काल वेबसाइट से डिलीट कर दें। केवल अर्ह एवं योग्य शिक्षकों का विवरण ही परिषद की वेबसाइट पर अपलोड होगा। डाटा अपलोड कराने में हीला-हवाली बरतने वाले संबंधित प्रधानाचार्यों के खिलाफ डीआईओएस ने कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है।