सोहेलवा वन क्षेत्र में बनकटवा रेंज के पास स्थित मोतीपुर खुर्द गांव में मंगलवार रात तेंदुए ने दो बार हमला करके बकरी को निवाला बना लिया। तेंदुए के हमले से गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने हांका लगाकर तेंदुए को जंगल में खदेड़ा। सूचना पाकर डीएफओ ने वन विभाग की टीम को मामले की जांच करके रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
बनकटवा रेंज के ग्राम मोतीपुर खुर्द निवासी करिया पुत्र रामकुमार ने बुधवार को बताया कि बीती रात उनके घर में दो बार तेंदुआ आ धमका। पहली बार आने पर शोर मचाकर तेंदुए को दूर तक खदेड़ा गया। कुछ देर बाद तेंदुआ फिर घर में घुसा और बकरी को उठा ले गया। शोर मचाने पर ग्रामीण इकट्ठा हो गए।
शिवकुमार, अमेरिका प्रसाद, बाबूराम, भूरे आदि ने मशाल जलाकर हांका लगाते हुए कड़ी मशक्कत से तेंदुए को भगाया। सूचना पाकर डीएफओ करन सिंह गौतम ने बनकटवा रेंज के रेंजर को तत्काल मौके पर टीम भेजकर मामले की जांच का निर्देश दिया।
रेंजर तिलकराम आर्य ने बताया कि गांव में वन विभाग की टीम भेजी गई है। टीम पदचिह्नों के आधार पर तेंदुआ होने के प्रमाण जुटाकर रिपोर्ट सौंपेेगी। जिसके आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। रेंजर ने वन क्षेत्र के करीब बसे ग्रामीणों से अपील की है कि जंगली जानवरों से सुरक्षा के लिए सदैव सतर्क रहें। घरों में सुरक्षित रहने के लिए सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करें।