मोतीगंज। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ ने अपनी लंबित मांगों को लेकर चरणबद्ध आंदोलन का एलान किया है। लेखपालों ने बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी सदर को सौंपा। तहसील अध्यक्ष जयप्रकाश वर्मा व मंत्री आत्माराम वर्मा ने बताया कि 14 सितंबर को भी ज्ञापन दिया गया था लेकिन शासन स्तर से कोई कार्रवाई नहीं हुई। इससे लेखपालों में रोष है।
प्रांतीय आह्वान पर तीन अक्तूबर को लेखपाल संपूर्ण समाधान दिवस का बहिष्कार कर तहसील में धरना देंगे। आठ अक्तूबर को ऑनलाइन कार्यों का बहिष्कार होगा और 10 अक्तूबर को काली पट्टी बांधकर काम किया जाएगा। 12 अक्तूबर को रक्तदान शिविर लगेगा। 14 को बाइक रैली निकालकर जिलाधिकारी को ज्ञापन दिया जाएगा। मांगें न पूरी हुईं तो 17 अक्तूबर से पूर्ण रूप से कलमबंद हड़ताल शुरू होगी। 24 अक्तूबर को जिला मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इसके अलावा संगठन ने पटल सहायक का काम कर रहे लेखपालों को हटाकर क्षेत्र में तैनात करने की मांग की है। (संवाद)