तरबगंज (गोंडा)। तहसील तरबगंज के ग्रामसभा दुल्लापुर में तैनात लेखपाल राम प्रकाश पांडेय को एसडीएम ने मनमानी करने व लापरवाही बरतने के आरोप में निलंबित कर दिया है। इसकी जानकारी मिलने पर साथी लेखपालों ने तहसील दिवस के दौरान ही कार्य बहिष्कार कर दिया और धरने पर बैठ गए। लेखपाल संघ ने सीडीओ को ज्ञापन देकर लेखपालों का उत्पीड़न रोके जाने की मांग की है।
तहसील क्षेत्र के ग्रामसभा दुल्लापुर में तैनात लेखपाल को एसडीएम ने मनमानी व लापरवाही के आरोप में निलंम्बित कर दिया है। एसडीएम शत्रुघ्न पाठक ने बताया कि लेखपाल राम प्रकाश पांडेय ने खसरा व अचल संपत्ति की फीडिंग नहीं की। संपत्ति रजिस्टर बनाने में लापरवाही करने के साथ कृषि गणना सहित अन्य कार्यों में घोर लापरवाही की है।
बताया कि अवलोकन के लिए लेखपाल से संपत्ति रजिस्टर मांगा गया तो लेखपाल ने संघ को पत्र लिखकर उनपर उल्टे सीधे आरोप लगा दिए। बताया कि लेखपाल को उच्चाधिकारियों के आदेश का उल्लंघन करने, मनमानी करने व लापरवाही बरतने पर निलंबित किया गया है।
लेखपाल के निलंबन की जानकारी होने पर साथी लेखपाल का गुस्सा फूट पड़ा। लेखपालों ने समाधान दिवस के दौरान ही कार्य बहिष्कार कर तहसील अध्यक्ष पुंडरीक व मंत्री रामेश्वर दत्त त्रिपाठी के अगुवाई में धरने पर बैठ गए। लेखपालों ने सीडीओ को ज्ञापन देकर एसडीएम पर उत्पीड़न का आरोप लगाया है।