फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gonda News: चूल्हा-चौका छोड़ खाद के लिए समिति पर डटीं महिलाएं

Thu, 07 Aug 2025 12:08 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, गोंडा
विज्ञापन
धानेपुर समिति में खाद लेने के लिए ​उमड़ी किसानों की भीड़। - संवाद 
विज्ञापन
धानेपुर/टिकरी/खरगूपुर (गोंडा)। धान की फसल को बचाने के लिए किसान इन दिनों यूरिया के एक-एक दाने के लिए भटक रहे हैं। बुधवार को भी महिलाएं चूल्हा चौका छोड़कर करीब आठ घंटे तक साधन सहकारी समिति धानेपुर पर डटी रहीं। सत्यापन काउंटर तक पहुंचने में महिलाओं को घंटों लग गए। कई महिलाएं रेलिंग पर सिर रखकर अव्यवस्थाओं को कोसती नजर आईं।
विज्ञापन

धानेपुर साधन सहकारी समिति पर बुधवार को सुबह सात बजे से ही लंबी कतारें लग गईं। इसमें ज्यादातर महिलाएं थीं। समिति पर पुलिस के पहुंचने के बाद खाद वितरण शुरू किया गया। किसानों की संख्या अधिक होने के कारण बीच-बीच में वितरण रोकना पड़ा। इसी बीच कुछ किसान सड़क पर पहुंच गए, लेकिन मौके पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक निर्भय नारायण सिंह ने उन्हें समझाकर परिसर में लाइन लगवाकर वितरण शुरू कराया। जमुनही के संदीप व शेषराम ने बताया कि सुबह नौ बजे से लाइन में लगे हैं, एक बज गए। अभी तक खाद नहीं मिली। सचिव रामभवन ने बताया कि 697 बोरी यूरिया मिली थी। दो बजे तक 300 बोरी यूरिया बांटी जा चुकी है।
माधवगंज समिति पर भी किसानों की भीड़ रही। सचिव दिवाकर तिवारी ने बताया कि 700 बोरी यूरिया मिली थी, दो बजे तक 250 बोरी बांटी जा चुकी है। देर शाम तक वितरण किया जाएगा।
विज्ञापन

400 बोरी खाद, लाइन में लगे एक हजार किसान
खरगूपुर भंगहा साधन सहकारी समिति पर सुबह 10 बजे करीब एक हजार किसानों की लाइन लगी थी। पुलिस की मौजूदगी में यूरिया खाद का वितरण किया जा रहा था। बीच-बीच में धक्कामुक्की जैसे हालात बन रहे थे। समिति के सचिव कुलदीप यादव ने बताया कि 400 बोरी आई थीं। जिसे किसानों को बांटा गया। वहीं नवाबगंज साधन सहकारी समिति काजीपुर में किसानों को खाद के लिए मशक्कत करनी पड़ी। किसान राजू निषाद, विजय वर्मा, लाटबक्स, अनूप दूबे ने बताया कि खाद मिलने में दिक्कत हो रही है। सचिव सुजीत प्रताप सिंह ने बताया की 500 बोरी उर्वरक का स्टाॅक था, जिसे किसानों को वितरण कर दिया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें