गोंडा। अधिवक्ता संघ की बैठक में नगर मजिस्ट्रेट व उपजिलाधिकारी सदर के न्यायालय में न्यायिक कार्य का बहिष्कार करने का निर्णय लिया गया है।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष महराज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि नगर मजिस्ट्रेट के पद पर तैनात चंद्रशेखर का अधिवक्ता और वादकारियों के प्रति कार्य व्यवहार ठीक नहीं है। जबकि एसडीएम सदर विनोद कुमार सिंह का कार्य व्यवहार न्यायिक प्रक्रिया के पूर्णतः विपरीत है और वह पत्रावलियों में मनमाने तरीके से आदेश करने के आदी हैं। अधिवक्ताओं ने जिलाधिकारी से एसडीएम सदर द्वारा निर्णीत पत्रावलियों की जांच उच्चाधिकारियों से कराने की मांग की थी। मगर स्थिति जस की तस है। इससे अधिवक्ताओं में आक्रोश व्याप्त है। ऐसे में सोमवार को संघ की बैठक में नगर मजिस्ट्रेट और उपजिलाधिकारी सदर द्वारा पत्र का जवाब देने, खेद प्रकट करने तक उनके न्यायालय पर न्यायिक कार्य का बहिष्कार का निर्णय लिया गया है।