गोंडा। मनकापुर में ग्राम न्यायालय की स्थापना के विरोध में अधिवक्ताओं ने शुक्रवार को न्यायिक कार्य से विरत रहकर कचहरी में जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। वकीलों ने बैंक, नोटरी, रजिस्ट्री, आयकर व जीएसटी का काम भी नहीं किया।
मनकापुर तहसील में ग्राम न्यायालय की स्थापना से नाराज मुख्यालय के अधिवक्ताओं ने शुक्रवार को बार एसोसिएशन के अध्यक्ष महराज कुमार श्रीवास्तव व सिविल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष उपेंद्र कुमार मिश्र के नेतृत्व में कचहरी में प्रदर्शन किया। इस दौरान अधिवक्ताओं ने मनकापुर तहसील में ग्राम न्यायालय स्थापना का विरोध किया और साल 2021 में नगर कोतवाली में वकीलों पर दर्ज फर्जी केस वापस लेने की मांग की। संचालन बार एसोसिएशन के महामंत्री जगन्नाथ प्रसाद शुक्ल व सिविल बार एसोसिएशन के संयुक्त मंत्री मनीष शुक्ल ने किया। इस मौके पर रविचंद्र त्रिपाठी, बिंदेश्वरी दूबे, केके मिश्र, दीनानाथ त्रिपाठी, माधवराज मिश्र, श्रीकांत पांडेय, दिनेश मौर्य, संतोषी लाल तिवारी, जकी खां, गौरीशंकर चतुर्वेदी, सुनील पांडेय, मनोज मिश्र आदि अधिवक्ता उपस्थित रहे।