गोंडा। मनकापुर में ग्राम न्यायालय की स्थापना के विरोध व आंदोलन के दौरान अधिवक्ताओं पर दर्ज मुकदमा वापस लेने की मांग पर अड़े वकील शुक्रवार को न्यायिक कार्य से विरत रहे। कचहरी में जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। संयुक्त सभा में भीषण गर्मी को देखते हुए युवा अधिवक्ताओं को बैठने के लिए सीट निर्धारित करने की मांग की गई। सभा की अध्यक्षता सिविल बार एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष राधेश्याम पांडेय, बार एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष परशुराम मिश्र और संचालन सिविल बार एसोसिएशन के महामंत्री संतोष कुमार पांडेय व बार एसोसिएशन के महामंत्री जगन्नाथ प्रसाद शुक्ल ने किया।
सिविल बार एसोसिएशन व बार एसोसिएशन की संयुक्त सभा में वर्ष 2021 में आंदोलन के दौरान अधिवक्ताओं पर कोतवाली नगर में दर्ज फर्जी केस वापस लेने की मांग की गई। इस दौरान मनकापुर में स्थापित ग्राम न्यायालय व अधिवक्ताओं के विरुद्ध दर्ज मुकदमे की वापसी होने तक पूर्व की भांति शुक्रवार को न्यायिक कार्य से विरत रहते हुए जुलूस निकालकर विरोध जताने का निर्णय लिया गया। सभा में सिविल बार एसोसिएशन में पूर्व से संचालित कैंटीन पर अस्थाई टिनशेड निर्माण की मांग जिला जज से की गई। इस माैके पर माधवराज मिश्र, दीनानाथ त्रिपाठी, बिंदेश्वरी दूबे, रमेश चंद्र गुप्ता, राम प्रताप गोस्वामी, विजय सिंह, आशीष त्रिपाठी, संतोषीलाल तिवारी, श्रीकांत पांडेय, रहस्य बिहारी मिश्र, मनोज मिश्र, आरबी सिंह आदि मौजूद रहे।