कलेक्ट्रेट में डीएम को ज्ञापन सौंपते अधिवक्ता संघ के पदाधिकारी। स्रोत: संगठन
गोंडा। लखनऊ में अतिक्रमण हटाने के दौरान रविवार को अधिवक्ताओं पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में सोमवार को गोंडा कचहरी में अधिवक्ताओं ने पूर्ण कार्य बहिष्कार कर विरोध प्रदर्शन किया। सिविल बार और जिला बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने कलेक्ट्रेट में नारेबाजी की। इसके बाद राज्यपाल व मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीएम प्रियंका निरंजन को सौंपा।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रविचंद्र त्रिपाठी ने लखनऊ में अधिवक्ताओं के साथ मारपीट करने वालों पर एफआईआर दर्ज कर कठोर कार्रवाई, क्षतिग्रस्त सामान की भरपाई और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई रोकने की मांग की। प्रदर्शन के चलते कचहरी का कामकाज प्रभावित रहा। रवि चंद्र त्रिपाठी ने कहा कि यदि दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो अधिवक्ता बड़ा आंदोलन करने को बाध्य होंगे। इस दौरान सुनील पांडेय, गौरी शंकर चतुर्वेदी, राजेंद्र प्रसाद तिवारी, राम बुझारथ द्विवेदी, विंदेश्वरी प्रसाद दूबे, माधवराज मिश्र, संजय सिंह, चंद्रमणि तिवारी आदि मौजूद रहे।