गोंडा। तरबगंज थाना क्षेत्र के पकड़ी पूरे गयन पुरवा के रहने वाले लालमणि दूबे की हत्या के मामले में नया मोड़ आ गया है। लालमणि के भाई जैसराज ने मुकदमे के विवेचक को शपथपत्र देकर पहले से दर्ज एफआईआर में लालमणि की प्रेमिका का नाम बढ़ाने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि तफ्तीश में शपथपत्र को शामिल किया जाएगा।
तरबगंज थाना क्षेत्र के पकड़ी पूरे गयन पुरवा निवासी शिवचरन दूबे की उमरी बेगमगंज थाना क्षेत्र के चंगेरी गांव में ससुराल है। जहां उनका छोटा भाई लालमणि दूबे अक्सर जाता था। लालमणि का अपनी भाभी की चचेरी बहन प्रेम प्रसंग चल रहा था। परिवार वालों को जब इसकी जानकारी हुई तो प्रेम प्रसंग को रिश्ते में बदलने के लिए बात की गई। मगर युवती के घर वालों को ये रिश्ता मंजूर नहीं था। 10 मई को लालमणि अपनी भाभी के मायके चंगेरी गया था। जहां प्रेम प्रसंग से गुस्साए शिवचरन के ससुर भोंदू पांडेय, उसके भाई उमाशंकर उर्फ ननके व उमाशंकर के बेटे सौरभ पांडेय और उनके परिवार के अन्य लोगों ने मिलकर लालमणि को पेड़ में बांधकर जमकर पीटा। इसके बाद सीएचसी ले गए। जहां डाॅक्टर न होने पर मेडिकल काॅलेज भेज दिया गया। मेडिकल कॉलेज में डाॅक्टर ने लालमणि को मृत घोषित कर दिया था। लालमणि के भाई जैसराज ने आरोपियों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
जैसराज ने सोमवार को विवेचक व उमरी बेगमगंज थानाध्यक्ष को शपथपत्र देकर मुकदमे में लालमणि की प्रेमिका का नाम बढ़ाने की मांग की है। थानाध्यक्ष संजीव वर्मा ने बताया कि शपथपत्र को तफ्तीश के दौरान मुकदमे में सम्मिलित किया जाएगा।