स्वतंत्रता संग्राम के अमर नायक शहीद राजेंद्रनाथ लाहिड़ी जी के बलिदान दिवस 17 दिसंबर के अवसर पर जिला कारागार में फांसी स्थल पर हवन-पूजन एवं शांति पाठ का आयोजन किया गया। जिला जज, जिलाधिकारी व स्वाधीनता सेनानियों ने लाहिड़ी जी के बलिदान दिवस पर उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए। अमर शहीद को सशस्त्र सलामी दी गई और उनके योगदान को याद किया गया।
बच्चों द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया और राष्ट्र भक्ति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। अमर शहीद को याद कर लोगों में संवेदना के साथ गर्व भी था।
इसके बाद उनकी समाधि स्थल बूचड़ घाट पर पुष्प चढ़ाए गए। जिला कारागार में हवन-पूजन के बाद प्रभारी जनपद न्यायाधीश रामानंद, डीएम अजय कुमार उपाध्याय, एसपी प्रदीप कुमार यादव सहित अन्य अधिकारियों ने जेल परिसर में स्थापित लाहिड़ी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनकी शहादत को याद किया। इस दौरान लोगों की आंखें नम हो गईं।
इस अवसर पर लाहिड़ी जी के जीवन एवं बलिदान पर प्रकाश डालते हुए प्रभारी जनपद न्यायाधीश रामानद ंने कहा कि लाहिड़ी जी का जीवन राष्ट्र प्रेम का एक जीवंत उदाहरण है।
हम सबको उनसे प्रेरणा लेते हुए देश हित के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास करना चाहिए, यही लाहिड़ी जी के लिए सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि लाहिड़ी जी जैसे व्यक्तित्व और सच्चे राष्ट्र भक्तों के बलिदानों के कारण ही हम सब भारतीय आज आजाद भारत में सांस ले पा रहे हैं।
उन्होंने लोगों का आह्वान करते हुए कहा कि इस अवसर पर हम सबको नि:स्वार्थ भाव से राष्ट्र सेवा का संकल्प लेना चाहिए और आजादी के दीवानों के सपनों का भारत बनाने में सहयोग करना चाहिए।
एसपी ने कहा कि लाहिड़ी जी का बलिदान भारत के युवाओं के लिए सबसे बड़ा उदाहरण है। उन्होंने कहा कि देश को गुलामी की दास्तां से मुक्ति दिलाने के लिए 25 वर्ष की उम्र में अपने देश के लिए फांसी के फंदे को हंसते हुए चूमने वाले अमर शहीद लाहिड़ी जी का संपूर्ण जीवन प्रेरणा से भरा हुआ है।
इस अवसर पर पीपल तिराहे पर लाहिड़ी जी की प्रतिमा तथा लाहिड़ी जी की समाधि स्थल बूचड़ घाट पर माल्यार्पण किया गया। इस अवसर पर स्वयं सेवी संस्थाओं तथा विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा लाहिड़ी जी के जीवन से जुड़े विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
बच्चों ने लाहिड़ी के जीवन दर्शन पर नाटक प्रस्तुत किया, जिसे देख कर लोगों की आंखें नम हो गईं। समाज सेवी धर्मवीर आर्य ने राष्ट्र के नायकों के नारे लगवाए।
इस मौके पर सीजेएम, एडीएम त्रिलोकी सिंह, एएसपी आरके सिंह, जेल अधीक्षक, नगर मजिस्ट्रेट एके शुक्ला, एसडीएम सदर अविनाश कुमार, सिविल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष उपेंद्र मिश्रा, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष माधवराज मिश्रा आदि मौजूद रहे।