ग्राम पंचायत रतनवा के मजरा अतरपरी में बीती रात छप्पर में सो रही एक महिला पर तेंदुए ने हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने घायल महिला को सीएचसी शिवपुरा में भर्ती कराया। डॉक्टर की जांच रिपोर्ट के आधार पर पीड़िता को सरकारी मदद मुहैया कराने की बात वन विभाग के अफसरों ने कही।
क्षेत्रीय वनाधिकारी बनकटवा तिलकराम आर्य ने शनिवार को बताया कि ग्राम पंचायत रतनवा के मजरा अतरपरी के ग्रामीणों ने तेंदुए के हमले की सूचना दी। मौके पर पहुंचे वनाधिकारी ने बताया कि ग्रामीणों के मुताबिक शुक्रवार की रात करीब 12.30 बजे घर के बाहर छप्पर में सो रही हरीराम की पत्नी लक्खी देवी (65) पर तेंदुए ने हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। गले व दाहिने हाथ में महिला को गहरा जख्म हो गया है।
वन रक्षक जमील अहमद व उनके साथियों ने महिला को सीएचसी शिवपुरा में भर्ती कराया। वन विभाग की टीम ने घर व बाहर जंगली जानवर के पदचिह्न लिए है, जिसके आधार पर जंगली जानवर की जांच की जाएगी।
वनाधिकारी ने बताया कि डॉक्टर की रिपोर्ट के आधार पर शासन स्तर से पीड़िता को सहायता भी दिलाई जाएगी। इलाज पर भी वन विभाग की तरफ से पैसा खर्च किया जा रहा है। वनाधिकारी ने जंगल से सटे आसपास के लोगों से अपील की है कि सुरक्षा के मद्देनजर सभी लोग सतर्क रहें। खुले में रात के समय कदापि न सोएं। दरवाजे बंद करके ही लोग एक साथ रहें। घटनाओं की सूचना वन विभाग को तत्काल उपलब्ध कराएं, जिससे समय से इलाज व अन्य सहायता मुहैया कराई जा सके।