उमरी बेगमगंज। सरयू नदी में बुधवार को भैंस नहलाने गए युवक पर अचानक मगरमच्छ ने हमला कर दिया। मगरमच्छ उसे गहरे पानी में खींचने लगा। युवक की चीख-पुकार सुनकर पास में काम कर रहे मजदूर दौड़े और अपनी जान जोखिम में डालकर मगरमच्छ से भिड़ गए। उनके साहस के आगे मगरमच्छ को पीछे हटना पड़ा और युवक की जान बच गई।
सोनौली के निश्चित पुरवा निवासी भानु स्पर संख्या-15 के पास सरयू नदी में भैंस नहलाने गए थे। वह घुटने भर पानी में ही पहुंचे थे कि अचानक पानी में छिपे मगरमच्छ ने उनके पैर को दबोच लिया। देखते ही देखते मगरमच्छ उन्हें गहरे पानी की तरफ खींचने लगा। खतरे को भांपकर भानु ने मदद के लिए चीखना शुरू कर दिया।
कुछ दूरी पर निर्माण कार्य में जुटे मजदूरों ने जब चीखें सुनीं तो वे बिना देर किए नदी की ओर दौड़ पड़े। मजदूरों ने साहस का परिचय देते हुए हाथों में मौजूद हथौड़ों से मगरमच्छ पर लगातार प्रहार शुरू कर दिया। अचानक हुए हमले से मगरमच्छ घबरा गया और उसने भानु को छोड़ दिया।
हालांकि तब तक भानु गंभीर रूप से घायल हो चुके थे। मगरमच्छ के हमले में उनके पैर का काफी मांस बाहर आ गया था। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया। लोगों ने प्रशासन से सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।