कुड़ासन बाजार में बनाया गया बिजली उपकेंद्र। - स्रोत: विभाग
गोंडा। ग्रामीणों को सुविधा देने के लिए जिले के कुड़ासन में 5.35 करोड़ रुपये की लागत से विद्युत उपकेंद्र बनकर तैयार हो गया है। हैंडओवर के बाद आपूर्ति बहाल करने के लिए जरूरी कवायद की जा रही है। इसके बाद कुड़ासन व मनकापुर ग्रामीण क्षेत्रों के करीब 2.10 लाख की आबादी को निर्बाध विद्युत आपूर्ति मिल सकेगी।
देवीपाटन जोन के मुख्य अभियंता यदुनाथ यथार्थ ने बताया कि अभी तक मनकापुर ग्रामीण से विद्युत आपूर्ति की जा रही थी। नवोदय और रेहरा फीडर के करीब 40 गांवों की करीब हजारों की आबादी को निर्बाध विद्युत आपूर्ति नहीं हो पा रही थी। इसके साथ ही स्थानीय लोगों ने नए विद्युत उपकेंद्र की मांग की थी। ऐसे में पॉवर कार्पोरेशन ने लोगों को सुविधा देने के लिए विद्युत उपकेंद्र निर्माण पूरा कराने के साथ ही आपूर्ति बहाल करने के लिए जरूरी तैयारी शुरू कर दी है।
इसके लिए छह कुशल और सात अकुशल मिलाकर कुल 13 कर्मियों की तैनाती की गई है। अधिकारियों का कहना है कि आपूर्ति शुरू होने से 40 हजार आबादी को सीधा फायदा होगा, वहीं मनकापुर ग्रामीण विद्युत उपकेंद्र के 1.70 लाख लोगों को भी निर्बाध विद्युत आपूर्ति हो सकेगी। इसके साथ ही नवोदय और रेहरा फीडर कुड़ासन विद्युत उपकेंद्र पर ही शिफ्ट किया जा चुका है। यहां बिजली ट्रिपिंग आदि की समस्याएं दूर होंगी।