गोंडा। हत्या के मामले में साक्ष्य संकलन व विवेचना में लापरवाही बरतने में परसपुर इंस्पेक्टर हेमंत कुमार गौड़ व फायरिंग की घटना छिपाने के आरोप में इटियाथोक प्रभारी निरीक्षक शेषमणि पांडेय को लाइन हाजिर करने के बाद एसपी विनीत जायसवाल ने नए अफसरों को तैनाती दी है।
इटियाथोक में उपनिरीक्षक कृष्ण गोपाल राय व शरदेंदु कुमार पांडेय को परसपुर की जिम्मेदारी सौंपी गई। हटाए गए दोनों प्रभारी निरीक्षकों के खिलाफ एएसपी राधेश्याम राय व मनोज कुमार रावत को जांच के आदेश दिए हैं।
एसपी ने देहात कोतवाली के एसएसआई गजेंद्र पांडेय को एसएसआई धानेपुर की जिम्मेदारी दी है। बालपुर चौकी प्रभारी दुर्गविजय सिंह को कौड़िया थाने भेजा गया है। ढेमवा चौकी प्रभारी उत्कर्ष पांडेय को चौकी प्रभारी बालपुर की जिम्मेदारी दी गई।
पुलिस लाइन से अजय कुमार सिंह को दुबहा बाजार चौकी का प्रभारी बनाया गया। नगर कोतवाली के तिवारी बाजार चौकी प्रभारी आलोक कुमार राय को वजीरगंज के डुमरियाडीह चौकी की जिम्मेदारी दी गई। डुमरियागंज से बृजेश कुमार चौबे को ढेमवाघाट नवाबगंज की चौकी इंचार्ज बनाया गया है। चौकी प्रभारी धोबहाराय कटरा बाजार से नगर कोतवाली के तिवारी बाजार चौकी प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई।