कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की छात्राओं की ओर से लिखी गई सीएम को पाती। स्रोत: विभाग
गोंडा। पढ़ाई के लिए स्टडी टेबल मिलने से खुश कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालयों की छात्राओं ने मुख्यमंत्री के नाम धन्यवाद पाती लिखी है। छात्राओं ने रंग-बिरंगे पत्रों से अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि स्टडी टेबल मिलने से उनकी पढ़ाई अब पहले की अपेक्षा अधिक सुविधाजनक और बेहतर हो गई है।
बालिका शिक्षा की जिला समन्वयक रक्क्षंदा सिंह ने 10 छात्राओं के पत्र स्पीड पोस्ट के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजे हैं। सरकार की ओर से विद्यालयों में स्टडी टेबल उपलब्ध कराने से छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला। पत्रों में छात्राओं ने अपने-अपने तरीके से स्टडी टेबल मिलने से पहले और बाद की पढ़ाई के अनुभव लिखे हैं।
बेलसर स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में कक्षा आठ की छात्रा रेशू पासवान ने मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में बताया कि पहले वह बिस्तर पर बैठकर पढ़ाई करती थी, जिससे लंबे समय तक पढ़ने पर पीठ में दर्द होने लगता था। अब स्टडी टेबल मिलने के बाद वह आराम से बैठकर नियमित पढ़ाई कर पा रही है। अब पढ़ाई में पहले की तरह परेशानी नहीं होती। अन्य छात्राओं ने भी पत्रों में स्टडी टेबल मिलने पर खुशी जताते हुए कहा कि इससे पढ़ाई के लिए उन्हें बेहतर माहौल और सुविधा मिली है।