33 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 132 केवीए बिजलीघर की सोमवार को ऊर्जा राज्यमंत्री याशर शाह के साथ बेसिक शिक्षाराज्यमंत्री योगेश प्रताप सिंह ने आधार शिला रखी। विधिविधान के साथ हुए हवन-पूजन के बाद दोनों मंत्रियों ने स्थानीय लोगों को एक कार्यक्रम के जरिए संबोधित भी किया।
जिसमें कहा गया है कि अगले साल इस उपकेंद्र के बनने के बाद इलाकाई लोगों को बिना किसी कटौती के बिजली मिलने लगेगी। वहीं पावर कॉर्पोरेशन व विद्युत उत्पादन निगम के प्रबंध निदेशक एपी मिश्र ने लोगों को विश्वास दिलाया कि प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप वह अगले साल शहरी इलाकों में 22 घंटे और ग्रामीण इलाकों में लोगों को 16 घंटे बिजली की आपूर्ति करना शुरू कर देंगे।
सोमवार को करनैलगंज में 33 केवी बिजलीघर की जमीन के ठीक बगल बनाए जाने वाले 132 केवीए बिजलीघर की नींव रखी गई। जिसके लिए बाकायदा हवन-पूजन किया गया। इस दौरान ऊर्जा राज्यमंत्री याशर शाह ने कहा कि जैसे ही यह बिजलीघर बनकर तैयार हो जाता है, इलाकाई लोगों को बेहतर बिजली मिलनी शुरू हो जाएगी।
क्योंकि मौजूदा समय उन्हें 33 केवी लाइन के जरिए गोंडा से बिजली मिलती है। जिसके तार आए दिन कभी आंधी तो कभी बारिश की वजह से टूटकर गिर जाते हैं। जबकि कभी-कभी ओवरलोडिंग और लो-वोल्टेज से भी उन्हें दिक्कतें उठानी पड़ती है। आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता नवनीत मिश्र ने की। इस मौके पर शमीम अच्छन, महफूज खां, अधीक्षण अभियंता रवि प्रकाश दुबे, एसई राजीव सचान, केशव देव आदि मौजूद रहे।