गोंडा। शहर से गांव तक श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का उल्लास छाया है। घरों से लेकर मठ-मंदिर तक आकर्षक सजावट की गई है। शहर में मुख्य कार्यक्रम पुलिस लाइन व पीएसी वाहिनी के परिसर में आयोजित होगा। जन्माष्टमी पर श्रद्धालु पूरे दिन व्रत रखेंगे। रात में श्रीकृष्ण का जन्म होगा।
पुलिस लाइन में जन्मोत्सव कार्यक्रम में नगर के विद्यालयों के बच्चों व रंगकर्मियों की प्रस्तुति होगी। पीएसी लाइन के सरोवर में सूप में शिशु रूप में कान्हा को ले जाते वासुदेव व नाग-नथैया लीला की झांकी दर्शकों के आकर्षण का केंद्र होगी। जन्मोत्सव के क्रम में जिला कारागार, आरपीएफ पोस्ट, जीआरपी सहित जनपद के सभी थानों, पुलिस चौकी महराजगंज, बड़गांव में झांकी सज चुकी है।
शहर के खाटू श्याम मंदिर, मालवीयनगर, लोहिया धर्मशाला व नौशहरा स्थित राधाकृष्ण मंदिरों समेत सैकड़ों स्थानों पर श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की आकर्षक झांकियां सजाई गई हैं। गल्ला मंडी रोड पर जन्मोत्सव में श्रीकृष्ण की बाललीला, रासलीला व कंस वध के साथ अयोध्या में विराजमान रामलला का भी दर्शन कराने की तैयारी है। जन्माष्टमी पर भगवान कृष्ण के जन्मोत्सव के आयोजन छह दिन तक चलेंगे।
श्रद्धालु सोमवार को अष्टमी तिथि पर व्रत रखकर रात्रि में रोहिणी नक्षत्र में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का जश्न मनाएंगे। वैदिक विद्वान अनूप पाठक बताते हैं कि श्रद्धालुओं को भगवान जन्म के समय जल, फल व कुश लेकर संकल्प करने के बाद वेदी बनाकर भगवान की मूर्ति या चित्र स्थापित कर पूजन करना चाहिए। अष्टमी पर रोहिणी नक्षत्र में पांच वस्तुएं तुलसी दल, मखाना, मिश्री, दही व पीले फल अर्पित कर भगवान की कृपा प्राप्त कर सकते हैं। भगवान को मोरपंख मुकुट में लगाकर पीले वस्त्र पहनाने चाहिए।
वजीरगंज (गोंडा)। वजीरगंज थाने में आयोजित होने वाले कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव में झांकी सजाने का जिम्मा कस्बे के मुस्लिम माली पिता-पुत्र फागू व नौशाद के जिम्मे है। वह 12 वर्षों से कान्हा की पालकी, चौकी सहित अन्य सजावट करते हैं। सजावट का समान व पूजन सामग्री की व्यवस्था अकरम के जिम्मे है। सोमवार को होने वाले कृष्ण जन्मोत्सव में मुस्लिम पिता-पुत्र द्वारा निर्मित चौकी पर बालगोपाल बिराजेंगे। फागू व नौशाद ने बताया कि भगवान श्रीकृष्ण की झांकी के साथ पेड़, फूल, पहाड़, झरना आदि प्राकृतिक दृश्यों को प्रदर्शित किया जाएगा। थानाध्यक्ष अभय सिंह ने सभी से जन्माष्टमी कार्यक्रम में शामिल होने का आह्वान किया।