गोंडा। यूपी एसटीएफ ने गोंडा के परसपुर थाने में दर्ज जालसाजी व गबन के मुकदमे के आरोपी पंजाब प्रांत के तरनतारन जिले के बसारके थाना कालड़ा निवासी हरवीर सिंह उर्फ काके सरदार को अमृतसर से गिरफ्तार किया है। काके पर 50 हजार रुपये का इनाम था।
गोंडा के आंटा दूबेपुरवा निवासी सुनील कुमार द्विवेदी ने काके के खिलाफ परसपुर थाने में जालसाजी व गबन की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें कहा कि 2021 में उनकी मुलाकात लखनऊ में रहने के दौरान साथी चंदन दीक्षित निवासी चरखारी मंदिर रामघाट चित्रकूट से करनैलगंज बाजार में हुई थी।
चंदन के मित्र मनीष ओझा बलरामपुर के रहने वाले हैं। मौरंग, बालू का खनन का पट्टा है। चंदन कारोबार में पैसा लगवाता था। वह अपने साथी मदन गुप्ता के साथ मिलकर रेलवे स्क्रैब का भी ठेका लेता है। उसकी भोपाल में सरिया की फैक्टरी भी है।
तीनों ने बताया कि फतेहपुर में खदान का ठेका मिला है। फर्जी प्रपत्र दिखाए। ठेके में 10 प्रतिशत की साझेदारी का लालच देकर 50 लाख ले लिए। एग्रीमेंट भी किया था। इसके बाद वह पंजाब चला गया। एसटीएफ प्रयागराज के सीओ शैलेंद्र प्रताप सिंह, निरीक्षक जय प्रकाश राय की टीम ने काके सरदार को अमृतसर से पकड़ लिया।