गोंडा। थाना कटरा बाजार के माधोपुर चौकी क्षेत्र के नरायनपुर कला चौराहे पर स्थित सराफ की दुकान का शटर तोड़कर अंदर घुसे चोर तिजोरी उठा ले गए। जिसमें दस लाख रुपये के चांदी के गहने थे। चोरी की पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई।
क्षेत्र के पहाड़ापुर गांव निवासी संतोष कुमार सोनी ने बताया कि वह नरायणपुर कला चौराहे पर सराफा की दुकान करते हैं। बताया कि शनिवार की रात दुकान बंद करने के बाद वह घर चले गए थे। देर रात चोर दुकान का शटर तोड़कर अंदर रखी तिजोरी उठा ले गए। जिसमें चांदी की बिछिया, पायल, हाथफूल, हाफ पेटी समेत चांदी के अन्य गहने थे। चोरी की पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। इसमें छह लोगों गहने चुराकर थैले में भरते नजर आए हैं। संतोष ने चोरी गए गहनों की कीमत दस लाख रुपये बताई है। प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार गुप्ता ने बताया कि संतोष की तहरीर पर छह अज्ञात चोरों के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी की मदद से चोरों की पहचान की जा रही है। मौके पर डाॅग स्कावयड व फाॅरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य एकत्रित किए हैं। चोरों का पता लगाया जा रहा है।