बिजली बिल की वसूली और डिस्कनेक्शन अभियान के लिए गुरुवार को मनकापुर बाजार पहुंचे राज्य विद्युत परिषद जूनियर इंजीनियर संघ के अध्यक्ष व इलाकाई अवर अभियंता डीके प्रजापति के साथ हुई मारपीट के मामले में मनकापुर पुलिस ने घटना के 36 घंटे बाद बड़े दबाव में कहीं जाकर दोनों पक्षों से मिली तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया।
गुरुवार को बिजली चोरी के खिलाफ कांबिंग अभियान चलाने पहुंचे इलाकाई अवर अभियंता डीके प्रजापति से कुछ लोगोें ने मारपीट की थी।
जबकि आरोपित व्यापारियों का कहना था कि मारपीट उन्होंने की ही नहीं, वह तो जेई की ओर से की जा रही अवैध वसूली का विरोध कर रहे थे।
पुलिस ने शाम को मामले में दोनों पक्षों से मिली तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया। जिसमें जेई डीके प्रजापति की ओर से लिखाए गए मुकदमे में ओमप्रकाश, कृष्णकुमार, अर्जुन सहित 6 लोगों के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने, मारपीट करने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
जबकि जेई डीके प्रजापति के खिलाफ वादी के तौर पर कृष्णकुमार ने जबरन बिजली का कनेक्शन काटने और अवैध वसूली करने के आरोप में मुकदमा लिखवाया है। कोतवाल राकेश सिंह ने मुकदमा दर्ज होने की पुष्टि की है।