कटरा बाजार में जनता पैथोलॉजी सेंटर सील करते कर्मी। स्रोत: विभाग
कटरा बाजार/माधोपुर। सीएमओ डॉ. संतलाल पटेल ने सोमवार को कटरा बाजार क्षेत्र के विभिन्न अस्पतालों और पैथोलॉजी सेंटरों का निरीक्षण किया। इस दौरान अनियमितताएं मिलने पर जनता पैथोलॉजी सेंटर को सील करा दिया गया। वहीं, अलशिफा हॉस्पिटल में पहले से सील किया गया ऑपरेशन थियेटर संचालित मिलने पर सीएमओ ने नाराजगी जताई।
उन्होंने सीएचसी अधीक्षक डॉ. इंदू राणा को मरीजों को दूसरे अस्पताल में शिफ्ट कराने के निर्देश दिए। साथ ही अस्पताल संचालक को नोटिस जारी करने को कहा। प्रसाद डायग्नोस्टिक सेंटर की भी जांच की गई। जनता पैथोलॉजी सेंटर में चिकित्सक मौजूद नहीं मिले और संचालक मौके पर आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इस पर सीएमओ ने फटकार लगाते हुए केंद्र को सील करा दिया। इसके पूर्व रविवार शाम सीएमओ ने मेडिकल कॉलेज पहुंचकर वहां की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।