पंचायत चुनाव को लेकर बालिंग-बैटिंग का मैदान तैयार हो चुका है। प्रशासन की अंपायरिंग में सब कुछ सही हो रहा है, मगर इस पर अंगुली उठनी शुरू हो गई है। 30 जुलाई फाइनल मतदाता सूची जमा करने की अंतिम तिथि है।
करनैलगंज तहसील क्षेत्र में 207 बीएलओ ने अभी तक सूची जमा नहीं की है और मनकापुर तहसील क्षेत्र के बभनजोत ब्लॉक में 34 ग्राम पंचायतों में रिकॉर्ड तोड़ मतदाता बना दिए गए। इन गांवों में जनसंख्या के 70 प्रतिशत से अधिक मतदाता बना दिए गए हैं।
एक गांव में 104 प्रतिशत मतदाता बन गए तो कई गांवों में 99 प्रतिशत तक वोटर बना दिए गए। पूर्व ग्राम प्रधान व मौजूदा प्रधान में सामंजस्य बैठाने के चक्कर में बीएलओ ने पूरा खाका ही बदल दिया, जो न तो निर्वाचन आयोग को हजम होगा और न ही प्रशासन को।
वहीं, बभनजोत ब्लॉक में चहेतों का नाम जुड़वाने, बालिग व नाबालिगों के नाम सूची में डलवाने की होड़ दिखी। तीन अधिकारियों की जांच में हुए इस खुलासे पर जिलाधिकारी भी हैरान हैं। अब उक्त गांवों में कार्य करने वाले बीएलओ पर एफआईआर दर्ज कराई जा सकती है।
34 में से 10 ग्राम पंचायतों में बढ़ाए गए मतदाताओं की संख्या
ग्राम पंचायत जनसंख्या मतदाता प्रतिशत
कोल्ई गरीब 3668 3833 104
पिकौरा 1194 1176 98.49
बढ़या 2627 3537 96.57
महुआ पाकड़ 2644 2367 89.52
इनमैला 2897 2493 86.05
सैदापुर 1572 1345 85.56
मझवा खास 2615 2175 83.17
बनगवां 1866 1528 81.89
बकवा दरगाह 1841 1493 81.10
नरहरपुर 3266 2639 80.80
इसके अलावा देवरिया ग्राम पंचायत में कुल जनसंख्या का 90.6 प्रतिशत, पिपरा शरीफ में करीब 80 प्रतिशत मतदाता बना दिए गए हैं। इसी तरह राघव बस्ती, पिपरा इस्माइल, फत्तेपुर, नाथपुर, सुकरौली, बभनगांव, औसानी बुजुर्ग, ढोढ़ऊपुर, हाजीजोत, औराडीह, दौलतपुर माफी, सिंगारघाट, भानुपुर, मझौवा तोंद, भावपुर, बस्तीखास, खजुआ, हथियागढ़, मढ़वा बुजुर्ग, चांदपुर, बढ़ौली, बड़हरा ग्राम पंचायतों में जनसंख्या के 70 प्रतिशत से अधिक मतदाता बना दिए गए है।
कोई ग्राम पंचायत, निकाय हो या कोई अन्य संसदीय क्षेत्र। किसी में जनसंख्या के 70 प्रतिशत से अधिक मतदाता नहीं हो सकते हैं। औसतन ग्राम पंचायतों में मतदाताओं की संख्या जनसंख्या के लिहाज से 55-65 प्रतिशत तक ही होती है। सहायक निर्वाचन अधिकारी पंचस्थानी राजेश कुमार ने बताया कि 70 प्रतिशत से अधिक मतदाता नहीं बनाए जा सकते हैं।
बभनजोत ब्लॉक में भारी गड़बड़ी की शिकायत मिली है। सभी बीएलओ को नोटिस जारी किया गया है। तीन दिन में यदि सूची सही करके जमा नहीं की गई तो संबंधित के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। इतनी बड़ी लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके लिए एसडीएम मनकापुर को निर्देश दिया गया है। -अजय कुमार उपाध्याय, डीएम गोंडा