गोंडा। जिले में धान खरीद की व्यवस्थाएं परखने आए विशेष सचिव एसपी गौतम के सामने आइरिस स्कैनिंग में बड़ी समस्या सामने आई। बृहस्पतिवार को निरीक्षण के दौरान किसानों ने यही समस्या बताई। शुक्रवार को सर्किट हाउस से निकलते समय डिप्टी आरएमओ एनके पाठक ने भी मशीन की समस्याओं के बारे में बताते हुए कहा कि आइरिस मशीन सिर्फ अंधेरे में ही अच्छे से स्कैन करती है। जबकि अधिकांश केंद्रों पर अंधेरे कमरे में मशीन रखने की व्यवस्था नहीं है। नोडल अधिकारी से सुधार कराने का अनुरोध किया। नोडल अधिकारी ने पहले दिन करनैलगंज गल्ला मंडी के क्रय केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम के बाद नोडल अधिकारी ने शुक्रवार को डिप्टी आरएमओ एनके पाठक से अन्य समस्याओं की जानकारी लेकर शासन को अवगत कराने की बात की।