पंचायत चुनाव के तृतीय चरण के लिए नामांकन पत्रों की मंगलवार को जांच हुई। मनकापुर तहसील क्षेत्र के विकास खंड मनकापुर, छपिया व बभनजोत में 341 ग्राम प्रधान पद के मुकाबले में 2330 लोगों ने नामांकन पत्र दाखिल किया है। जबकि सदस्य के 2742 पद के सापेक्ष कुल 3172 लोगों ने नामांकन कराया है।
मनकापुर ब्लॉक में मंगलवार को आरओ सत्येंद्र सिंह, छपिया ब्लॉक में आरओ ओंकारनाथ यादव व बभनजोत के आरओ मनोज कुमार राव ने अपने एआरओ के साथ नामांकन पत्रों की जांच की।
इन ब्लॉकों पर नामांकन पत्रों की जांच 26 नवंबर को भी की जाएगी। ब्लॉकों पर मंगलवार को उम्मीदवारों के समर्थकों की भीड़ जुटी रही।
उम्मीदवारों ने अपने लोगों को ब्लॉक पर अपने नामांकन पत्रों के बाबत टोह लगाने के लिए लगा रखा है। बताया जाता है कि लोगों ने अपने लोगों को ब्लॉकों पर सिर्फ इसलिए लगा रहा है, ताकि वह इस बात की निगरानी करें कि कहीं कोई विरोधी उनका परचा खारिज कराने की साजिश न कर दे।
इन ब्लॉकों के आरओ का कहना है कि 26 नवंबर को नामांकन पत्रों की जांच हो जाने के बाद ही नामांकन पत्रों के खारिज होने की तस्वीर सामने आ सकेगी।